गोवा में NCP के इकलौते विधायक चर्चिल अलेमाओ ने दिया इस्तीफा, टीएमसी के साथ विलय का किया ऐलान
पणजी, दिसंबर 13। गोवा में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सियासी उठापटक का दौर शुरू हो गया है। तृणमूल कांग्रेस ने जब से गोवा में चुनाव लड़ने का ऐलान किया है, तब से नेताओं का पार्टी बदलने का सिलसिला भी शुरू हुआ है। सोमवार को गोवा में NCP के एकमात्र विधायक चर्चिल अलेमाओ ने गोवा विधानसभा के स्पीकर राजेश पाटेनकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया। चर्चिल अब ममता बनर्जी की मौजूदगी में टीएमसी में शामिल होंगे।

चर्चिल अलेमाओ का टीएमसी में विलय
विधानसभा स्पीकर को उन्होंने अपना इस्तीफा सौंपते हुए कहा कि अब विधानसभा में NCP का असेंबली ग्रुप भंग हो गया है और टीएमसी में उनका विलय हो गया है, इसलिए मैंने विधानसभा स्पीकर से ये अनुरोध किया है कि तृणमूल कांग्रेस विधायक के रूप में पार्टी को एक सीट विधानसभा में आवंटित की जाए। आपको बता दें कि चर्चिल अलेमाओ आज ही ममता बनर्जी की मौजूदगी में आधिकारिक रूप से टीएमसी ज्वॉइन कर लेंगे। ममता बनर्जी रविवार से ही गोवा में हैं।
2014 में टीएमसी के टिकट पर लोकसभा का चुनाव लड़े थे चर्चिल
आपको बता दें कि चर्चिल अलेमाओ के टीएमसी ज्वॉइन करने की अटकलें पिछले काफी दिनों से लगाई जा रही थी। 2 हफ्ते पहले वो कोलकाता गए थे। तभी से माना जा रहा था कि वो एनसीपी छोड़ टीएमसी में आ जाएंगे। बता दें कि चर्चिल अलेमाओ ने 2014 में टीएमसी के टिकट पर ही गोवा से लोकसाभ का चुनाव भी लड़ा था। इसके अलावा वो गोवा में कुछ समय के लिए मुख्यमंत्री भी रहे हैं।
गोवा में दो विधायक कर चुके हैं टीएमसी ज्वॉइन
आपको बता दें कि चर्चिल अलेमाओ गोवा में टीएमसी ज्वॉइन करने वाले दूसरे विधायक हैं। इससे पहले लुइज़िन्हो फलेरियो ने कांग्रेस छोड़ टीएमसी का दामन थामा था। बता दें कि गोवा में टीएमसी ने महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी (एमजीपी) के साथ चुनाव लड़ने का फैसला किया है, जिसका विधानसभा में अभी सिर्फ एक विधायक है।












Click it and Unblock the Notifications