Goa Result: गोवा में जीत के बाद भी सरकार बनाने की जल्दबाजी नहीं, क्या सीएम चेहरा बदलने जा रही बीजेपी?
पणजी, 10 मार्च: पांच राज्यों की चुनावी तस्वीर साफ हो चुकी है। सभी राज्यों से कांग्रेस का पूरी तरह से सूपड़ा साफ हो चुका है। गोवा, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर में बीजेपी ने जीत हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है, जबकि पंजाब की जनता ने बड़ा बदलाव करते हुए इस बार आम आदमी पार्टी को सरकार बनाने का बड़ा मौका दिया है। देश के सबसे छोटे राज्य गोवा में बीजेपी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है। इस बीच भाजपा के गोवा प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने पणजी में मीडिया को संबोधित, जिससे साफ हो रहा है कि बीजेपी को गोवा में सरकार बनाने के लिए कोई जल्दबाजी नहीं है। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या गोवा में सीएम चेहरा बदलने जा रही बीजेपी?
Recommended Video

गोवा में चुनाव के परिणाम आने के बाद भाजपा के गोवा प्रभारी देवेंद्र फडणवीस ने पणजी में कहा कि अभी भाजपा के 20 उम्मीदवार चुनकर आए हैं। MGP ने पत्र देकर समर्थन दिया है, जिनके 2 उम्मीदवार हमारे साथ आएंगे। इसके साथ 3 निर्दलीय विधायकों ने भी समर्थन देने की बात कही है। इसके अलावा भी कुछ लोग हमारे साथ आ सकते हैं। अपने बयान में देवेंद्र फडणवीस ने कहा, "हमने 20 सीटें जीती हैं। एमजीपी ने हमें समर्थन पत्र भी दिया है। 3 निर्दलीय विधायकों ने भी हमारा समर्थन किया है, तो अब हम 20+3+2 =25 हैं। संभावना है कि हमारे साथ और भी उम्मीदवार जुड़ेंगे। इसलिए हम सरकार बना रहे हैं।
केंद्रीय पर्यवेक्षक गोवा आएंगे फिर होगी विधायक दल की बैठक
वहीं सरकार बनाने के दावों पर देवेंद्र फडणवीस ने आगे कहा कि सबसे पहले केंद्रीय संसदीय बोर्ड की बैठक होगी और केंद्रीय पर्यवेक्षकों का चयन किया जाएगा। केंद्रीय पर्यवेक्षक गोवा आएंगे और विधायक दल की बैठक होगी, फिर हम राज्य में सरकार गठन का दावा पेश करने के लिए राज्यपाल के पास जाएंगे। इसी के साथ गोवा भाजपा अध्यक्ष सदानंद शेत तनवड़े ने कहा कि 3 निर्दलीय विधायकों ने हमें अपना समर्थन पत्र दिया है, इसलिए हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। ऐसे में इस बयान के बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि प्रमोद सावंत के नाम पर अभी कोई सहमति नहीं है और केंद्रीय पर्यवेक्षकों के गोवा आने के बाद इस पर फैसला लिया जाएगा।
इधर, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि हमारी कोशिश 22+ सीट जीतने की थी, लेकिन हम 3 सीट 77 मतों से हार गए। अगर ऐसा नहीं होता तो हम 22+ सीट जीतते। इसका हम सारा श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृह मंत्री अमित शाह और अन्य पार्टी नेताओं को देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications