Year Ender 2024: हमेशा सुर्खियों में रहा गाजीपुर, मुख्तार का हुआ खात्मा, बस वाली घटना ने हिला दिया प्रदेश
Year Ender 2024: साल 2024 अब खत्म होने वाला है। इस साल उत्तर प्रदेश का गाजीपुर जिला हमेशा सुर्खियों में रहा। मुख्तार अंसारी के खात्मे समेत कई ऐसी घटनाएं हुईं, जिसकी वजह से गाजीपुर जिला पूरे साल सुर्खियों में रहा।
गाजीपुर में हुई घटनाओं ने प्रदेश ही नहीं बल्कि देश को भी झकझोर कर रख दिया। बस हादसे की घटना पूरे प्रदेश के लिए सबक बन गई। इसके अलावा एक बेटे ने प्यार के लिए अपने पिता, मां और भाई को मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस ने जब इस हत्याकांड का खुलासा किया तो लोग हैरान रह गए। फिलहाल आइए जानते हैं उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में साल 2024 में हुई तीन अहम घटनाओं के बारे में, ये घटनाएं कई दिनों तक सुर्खियों में रहीं।
18 मार्च 2024: गाजीपुर बस अग्निकांड
18 मार्च 2024 को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में एक ऐसी घटना घटी जिसने पूरे प्रदेश को हिलाकर रख दिया। दरअसल, मऊ जिले से लोग शादी करने के लिए बस से गाजीपुर जिले के महाहर धाम आ रहे थे। इसी दौरान उनकी बस बिजली के तार से सट गई।
महाहर धाम से करीब 400 मीटर पहले सुलेमपुर-देवकाली नहर के पास बिजली के तार के संपर्क में आने से बस में आग लग गई। इस आग की घटना में पांच लोग जिंदा जल गए। इसके अलावा 10 से ज्यादा लोग बुरी तरह झुलस गए थे। घटना के बाद वायरल हुए वीडियो और फोटो देखकर लोग सहम गए।
28 मार्च 2024: खत्म हुआ मुख्तार
28 मार्च 2024 को जेल में बंद मुख्तार अंसारी की मौत की खबर मिलने के बाद पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई थी। मौत के बाद बांदा जेल प्रशासन पर मुख्तार अंसारी के भाई अफजाल अंसारी द्वारा गंभीर आरोप लगाए गए थे। मामला महिनों तक सुर्खियों में रहा।
मुख्तार अंसारी की मौत की खबर सुनने के बाद गाजीपुर जनपद के मोहम्मदाबाद में स्थित मुख्तार अंसारी के घर के साथ ही पूरे इलाके में मातम पसर गया था। वहीं मुख्तार अंसारी को सुपुर्दे खाक करते समय बड़ी संख्या में लोग वहां पहुंचे थे।
मुख्तार अंसारी की जनाजे में शामिल होने के लिए पहुंची भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के पसीने छूट गए थे। इस दौरान गाजीपुर के जिलाधिकारी और मुख्तार अंसारी के भाई मौजूदा सांसद अफजाल अंसारी के बीच झड़प भी हुई थी।
8 जुलाई 2024: प्यार के लिए कत्ल
8 जुलाई 2024 को गाजीपुर जिले में ऐसी घटना घटी कि सुनकर लोग सहम गए थे। दरअसल, गाजीपुर जनपद के नंदगंज थाना अंतर्गत कुसुम्हीं कला (खिलवां) गांव में मुंशी बिंद तथा उनकी पत्नी और बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने जब इस तिहरे हत्याकांड का खुलासा किया तो सुनने वाले दंग रह गए। इस वारदात को परिवार के छोटे बेटे ने ही अंजाम दिया था। परिवार के लोग उसे उसकी प्रेमिका से शादी नहीं करने दे रहे थे, जिसके चलते उसने अपने माता, पिता और भाई की हत्या कर दी।












Click it and Unblock the Notifications