UP Viral News: किचन में नागिन देख उड़े होश, गाजीपुर में एक ही घर से निकले 10 कोबरा, सपेरा भी घबरा गया
UP Viral News: गाजीपुर जिले के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक मकान से एक-एक कर के दस कोबरा सांप निकले। घटना के बाद न सिर्फ परिवार बल्कि पूरा गांव दहशत में आ गया। सपेरा बुलाकर किसी तरह मामला संभाला गया।
पाण्डेय का पुरा गांव, जो बहरियाबाद थाना क्षेत्र में आता है, वहां के एक घर में सांपों का यह सिलसिला शुक्रवार सुबह शुरू हुआ। रसोई में पहली बार सांप दिखाई देने के बाद, पूरे घर की तलाशी ली गई। इसके बाद एक-एक कर सांप निकलते गए।

घटना के समय घर में मौजूद महिला माया पाण्डेय जब रसोई में पहुंचीं, तो वहां फन फैलाकर बैठी नागिन को देख वह घबरा गईं। उन्होंने तुरंत घर से बाहर निकलकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। थोड़ी ही देर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
घर में सांप, सपेरा भी हुआ हैरान
गांव में ही एक सपेरे को बुलाया गया, जिसने पहले रसोई में मौजूद सांप को पकड़ा। इसके बाद उसने अन्य कमरों में तलाशी शुरू की। दोपहर तक कुल तीन सांप पकड़े जा चुके थे। इन्हें सुरक्षित डिब्बों में बंद कर ले जाया गया।
लेकिन शाम होते-होते मामला और गंभीर हो गया। एक अन्य कमरे में, जहां मिट्टी का फर्श था, वहां फिर एक सांप दिखाई दिया। परिवार के लोग फिर से बाहर भागे। सपेरे को दोबारा बुलाया गया और इस बार सात कोबरा और निकले।
रातभर खुले में रहे घरवाले
लगातार सांप निकलने की वजह से परिवार इतना घबरा गया कि उन्होंने घर में रुकने का फैसला ही छोड़ दिया। राजेश पाण्डेय की पत्नी माया, उनकी सास इंद्रावती और तीनों बच्चे पूरी रात घर के बाहर खुले में रहे।
परिवार का कहना है कि उनके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। ऐसे में घर में सिर्फ महिलाएं और बच्चे ही हैं। एक के बाद एक सांप निकलने से खाना तक नहीं बना। दोपहर को जो भोजन तैयार हुआ था, उसे किसी ने नहीं छुआ।
गांव में चर्चा का विषय बनी घटना
गांव में इस अनोखी घटना की खूब चर्चा हो रही है। कई लोग यह मान रहे हैं कि घर के नीचे सांपों का कोई पुराना बिल हो सकता है। ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना देने की मांग की है, ताकि स्थिति का स्थायी समाधान हो।
सांपों की संख्या और उनका एक ही प्रजाति का होना ग्रामीणों के लिए अचरज का विषय बन गया है। कुछ लोग इसे अंधविश्वास से भी जोड़ रहे हैं, वहीं कई परिवार अब अपने घरों की भी जांच करवा रहे हैं कि कहीं उनके यहां भी कुछ छिपा तो नहीं।












Click it and Unblock the Notifications