Ghazipur News: हाईटेंशन तार के संपर्क में आने से बस में लगी आग, 4 लोग जिंदा जले, कई की हालत गंभीर
Ghazipur Accident News: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में सोमवार को एक प्राइवेट बस हाईटेंशन तार से सट गई। तार छूते ही बस में आग लग गई। आग लगने के चलते उसमें सवार चार लोग जिंदा जल गए।
वहीं इस घटना के दौरान बस में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद जिले के आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। एसपी ने घटना से नाराज लोगों को समझाकर शांत किया।

बस में आग इतनी भीषण थी कि किसी की भी उसे बुझाने की हिम्मत नहीं हुई। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलते हुए बस में से अभी तक चार लोगों के शव को बाहर निकल गया है। अभी भी रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। बस में तीन दर्जन से अधिक लोग सवार थे।
बताया जा रहा है कि मऊ जनपद के रानीपुर थाना क्षेत्र के खीरिया खाजा गांव की रहने वाली एक लड़की की शादी मोहम्मदाबाद के महमूदपुर गांव में तय थी। सोमवार को गाजीपुर के महाहर धाम के समीप भैरव मंदिर में दोनों की शादी होनी थी।
इसी शादी में शामिल होने के लिए दुल्हन के परिवार के लोग मंदिर में जा रहे थे। बताया जा रहा है कि मंदिर परिसर में मेला लगने के चलते पुलिस द्वारा बस को रोक दिया गया। बस रोकने के बाद दुल्हन वहीं उतर गई।
दुल्हन के उतरने के बाद बस में सवार करीब 50 लोगों को लेकर बस चालक नहर के किनारे से बने कच्चे रास्ते से होते हुए जा रहा था। कच्चे रास्ते पर 11000 बोल्ट का तार लटक रहा था। बस में सवार लोग या चालक किसी ने तार पर ध्यान नहीं दिया।
उसके बाद बस में तार सटते ही आग लग गई। स्थानीय लोगों के अनुसार चंद सेकंड में ही बस में लगी आग में विकराल रूप धारण कर लिया। बस में करंट उतरने की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर आग बुझाने की किसी की हिम्मत नहीं हुई।
घटना के बाद घटनास्थल पर काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। लाइन काटने के बाद ग्रामीणों ने पानी का छिड़काव करते हुए बस में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया। उसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिसकर्मियों पर पथराव भी कर दिया।
घटनास्थल पर कई थानों की पुलिस पहुंची उसके बाद ग्रामीण पर काबू पाया गया। बाद में पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने भी ग्रामीणों को समझ कर शांत कराया। उन्होंने यह भी कहा कि घटना में प्रशासनिक लापरवाही सामने आ रही है। घटना की जांच कराई जाएगी और इस मामले में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications