Afzal Ansari: महाकुंभ पर अफजाल अंसारी की टिप्पणी से गरमाई सियासत, CM योगी से सख्त कार्रवाई की मांग
Afzal Ansari Statment: गाजीपुर से सपा सांसद अफजाल अंसारी के महाकुंभ को लेकर दिए गए बयान पर विवाद गहराता जा रहा है। उनके बयान के बाद बीजेपी नेता और पूर्व राज्यसभा सदस्य हरनाथ सिंह यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनकी गिरफ्तारी की मांग की है। सोशल मीडिया पर भी यह मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है।
बीजेपी नेता हरनाथ सिंह यादव ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर अफजाल अंसारी पर सनातन आस्था का अपमान करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि महाकुंभ संगम पर चोट करने वाले बयान से हिंदू भावनाओं को ठेस पहुंची है। इसके साथ ही उन्होंने अफजाल अंसारी की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लिखा है।

हरनाथ सिंह यादव ने अपने पोस्ट में लिखा, "सनातन आस्था के महाकुंभ संगम पर चोट करने वाले सपा सांसद अफजाल अंसारी को तत्काल गिरफ्तार किया जाय। अंसारी ने हिंदू आस्था पर गहरी चोट करते हुए कहा - "संगम तट पर स्नान करने से पाप धुल जाते हैं और बैकुंठ जाने का रास्ता खुल जाता है, और "अब नर्क में कोई नहीं बचेगा और स्वर्ग हाउसफुल हो जाएगा।
आगे उन्होंने लिखा है कि "अफजाल अंसारी जी, आपने समस्त हिंदू समाज की भावनाओं को आहत किया है, सार्वजनिक रूप से माफी मांगिए अन्यथा जेल के द्वार आपके लिए इंतजार कर रहे हैं।" यह पोस्ट उन्होंने शनिवार दोपहर में किया।
बयान पर मचा सियासी घमासान
अफजाल अंसारी के बयान के बाद सियासी गलियारों में घमासान मचता नजर आ रहा है। बीजेपी के साथ ही धार्मिंक संगठन से जुड़े नेताओं ने इसे हिंदू धर्म का अपमान बताते हुए सपा सांसद के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गाजीपुर के शादियाबाद थाने में जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष देवप्रकाश सिंह ने अंसारी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया है।
क्या कहा था अफजाल अंसारी ने?
गाजीपुर के शादियाबाद में संत रविदास जयंती के कार्यक्रम में अफजाल अंसारी ने महाकुंभ को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा था, "संगम तट पर नहाकर व्यक्ति के पाप धुल जाएंगे और बैकुंठ जाने का रास्ता खुल जाएगा। इससे नर्क में कोई नहीं बचेगा और स्वर्ग हाउसफुल हो जाएगा।"
उनके इस बयान को लेकर बीजेपी नेताओं के साथ ही हिंदूवादी संगठनों से जुड़े नेताओं ने कड़ी आपत्ति जताई है। इसे हिंदू समाज की भावनाओं को आहत करने वाला बताया गया है। इस बयान के बाद राजनीतिक तापमान बढ़ गया है और बीजेपी कार्यकर्ता उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications