यूपी: शादी का झांसा देकर 4 साल तक भाजपा नेता ने महिला का किया यौन शोषण, पीड़िता ने लगाया आरोप
गाजियाबाद। यूपी के गाजियाबाद जिले के लोनी थाना क्षेत्र में रहने वाले एक बीजेपी नेता पर एक महिला ने यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि भाजपा नेता ने शादी का झांसा देकर चार साल तक उसके साथ यौन शोषण किया। महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान जब वह गर्भवती हुई तो उसका अबॉर्शन भी कराया गया। जब आरोपी बीजेपी नेता ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया तब पीड़िता ने उसके खिलाफ थाना लोनी में मुकदमा दर्ज कराया।

महिला के अनुसार अपने आपको लोनी क्षेत्र का बीजेपी अध्यक्ष बताने वाले सुंदर चंदेल नाम के व्यक्ति से करीब चार साल पहले उसकी मुलाकात हुई थी। दिल्ली की रहने वाली महिला ने बताया कि तब कथित भाजपा नेता सुंदर चंदेल ने उसके साथ दोस्ती की और शादी का झांसा देकर उसके साथ यौन शोषण किया। जब उसने कहा कि वह शादी कर उसे अपने घर ले चले तो वह बहाना करता रहा। एक दिन उसके गले में मंगल सूत्र डालकर कहा कि अब वह पति पत्नी है। महिला का आरोप है कि इतना होने के बाद भी सुंदर उसे अपने साथ अपने घर नहीं ले गया। इस दौरान जब वह प्रेग्नेंट हुई तो उसका अबॉर्शन कर दिया। जब एक दिन पीड़िता भाजपा नेता के घर पहुंच गई तब सुंदर ने उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि इस दौरान सुंदर ने उसके जेवर और नकदी के अलावा मोबाइल भी छीन लिया और उसे जान से मारने की धमकी देकर घर से बाहर निकाल दिया। महिला ने बताया कि उसे बाद में पता चला कि सुंदर चंदेल शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे भी हैं। महिला ने कहा कि सुंदर चंदेल ने अपनी जाति भी उससे छिपाई वह उसे अपने आपको ब्राह्मण बताता रहा जबकि सुंदर चंदेल बाल्मीकि है। पीड़िता ने आरोपी सुंदर चंदेल के खिलाफ थाना लोनी में केस दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि उसका केस दर्ज होने के बावजूद उसे अभी तक न्याय नहीं मिला है। वहीं थाना पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications