whatsapp पर शुरू हुई बहस को लेकर कोर्ट परिसर में भिड़ें दो वकील, चलाई गोलियां
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में दो वकीलों के बीच हुई बहस के बाद विवाद हो गया। दोनों में विवाद इस कदर बढ़ गया कि अदालत परिसर में एक वकील ने दूसरे वकील पर फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ। वहीं, मौके पर पहुंची पुलिस ने एक खोखा बरामद किया है और मामले की जांच में जुट गई।

व्हाट्सएप पर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, विक्रांत त्यागी नामक वकील ने पुलिस में दर्ज शिकायत में आरोप लगाया है कि राहुल चौधरी नामक वकील ने गुरुवार रात को व्हाट्सएप पर उन्हें प्रताड़ित किया और उन्हें तथा उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के हवाले से बताया कि शुक्रवार सुबह त्यागी इसकी शिकायत करने बार अध्यक्ष सुनील दत्त त्यागी के पास पहुंचे। उन्होंने बताया कि इसी दौरान राहुल भी वहां पहुंचा और तीन गोली चलाकर घटनास्थल से फरार हो गया।
पुलिस ने खोखा किया बरामद
पुलिस ने बताया कि साथी वकीलों ने विक्रांत को किसी तरह से बचाया और घटना की जानकारी पुलिस को दी। अदालत परिसर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का एक खोखा बरामद किया है। हालांकि, बार अध्यक्ष ने राहुल द्वारा गोली चलाने से इनकार किया और कहा कि भीड़ से किसी ने गोली चलाई। शहर के पुलिस अधीक्षक मनीष मिश्रा ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications