गाजियाबाद पुलिस की नई सुपर स्टार बनी डॉग स्कवायड की लीना, ब्लाइंड मर्डर केस का किया खुलासा
गाजियाबाद। 31 मई को गाजियाबाद के मसूरी थाना क्षेत्र में एक बिजली कर्मी विकास की हत्या हुई थी। इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करने के लिए डॉग स्कवायड की मदद ली। गुरुवार को डॉग स्क्वायड टीम में लेब्राडोर नस्ल की श्वान लीना की मदद से पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद अब लीना गाजियाबाद पुलिस की नई सुपर स्टार बन गई है। एसएसपी ने लीना को नया पट्टा, रस्सी और मुलायम गद्दे से पुरस्कृत करने का आदेश दिया है।
Recommended Video

जानकारी के मुताबिक, 31 जून को अपना काम निपटाकर बिजलीकर्मी विकास अपने घर जा रहा था। इस दौरान रास्ते में विकास की गला दबाकर हत्या कर दी गई। विकास के परिजनों ने चार दोस्तों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। पुलिस की जांच में चारों दोस्त बेकसूर निकले। जिसके बाद पुलिस के सामने इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करना बड़ी चुनौती बन गया था। एसएसपी ने गाजियाबाद के डॉग स्क्वायड लीना से घटनास्थल का मुआयना कराया। जहां लीना एक जगह जाकर रुक जाती है और पुलिस टीम को इशारा करती है। जिसके बाद पुलिस का उस जगह पर बैठने वालों पर शक गहराया।
बाइक टकराने से हुए विवाद में मारा
गुरुवार को इस हत्याकांड मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, विकास की बाइक इन तीनों की गाड़ी से टकरा गई थी। इसी विवाद में तीनों मोहसिन, आदिल और सलमान ने विकास की गला दबाकर हत्या कर दी और उसकी बाइक व मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए थे।
कौन है लीना
लीना की उम्र ढाई साल है और वो लेब्राडोर ब्रीड है। हाल ही में लीना अपने ट्रेनिंग ITBP केंद्र पंचकूला से पूरी करके गाजियाबाद आई है। पुलिस का दावा है कि लीना के कारण ही इस केस का खुलासा हुआ है और निर्दोश लोग कत्ल के मामले में जेल जाने से बचे हैं। एसएसपी ने लीना के इस कार्य से खुश होकर उसको नया पट्टा, रस्सी और मुलायम गद्दा देने के आदेश किए हैं। वहीं, हत्याकांड का खुलासा करने वाली टीम को 10 हजार रुपए का इनाम देने की भी घोषणा की है।












Click it and Unblock the Notifications