गाजियाबाद: मंदिर ले जाकर शख्स ने जबरन भर दी 12 साल की बच्ची की मांग, फिर कुछ यूं आया पुलिस की पकड़ में
गाजियाबाद: मंदिर ले जाकर शख्स ने जबरन भर दी 12 साल की बच्ची की मांग, फिर कुछ यूं आया पुलिस की पकड़ में
गाजियाबाद, 27 अगस्त: 12 साल की नाबालिग बच्ची के मांग में जबरन सिंदूर भरने का मामला उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से सामने आया है। आरोप है कि एक शख्स जबरदस्ती 12 साल की बच्ची को मंदिर ले गया और उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इस दौरान आरोपी उसे अपने साथ भगा कर ले जाने लगा, लेकिन एन मौके पर सिहानी गेट पुलिस पहुंच गई और आरोपी शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस गिरफ्त में आए शख्स का नाम कृष्णा है और वो बिहार का रहने वाला है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी कृष्णा 12 साल की बच्ची को घुमाने के बहाने से मंदिर ले गया था। वहां उसने बच्ची की मांग में सिंदूर भर दिया और डरा-धमका कर अपने साथ ले जाने लगा। इस दौरान बच्ची ने उसका विरोध भी किया, इसके बावजूद वो जबरदस्ती उसे अपने साथ ले जाने लगा। बच्ची को अपने साथ ले जाते हुए उसे बच्ची के किसी परिचत ने देख लिया।
जिसके बाद उसने इस बात की सूचना बच्ची के पिता को दे दी। फिर क्या था बच्ची के पिता ने तुरंत बच्ची के अगवा किए जाने की सूचना पुलिस को दी और मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने भी इस मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी कृष्णा को रेलवे स्टेशन से पकड़ लिया और बच्ची को उसके परिजनों के सौंप दिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्त में आए आरोपी से पूछताछ कर रही है। बता दें कि बच्ची के परिजन भी मूल रूप से बिहार के रहने वाले है और गाजियाबाद के सिहानी गेट इलाके में रहते हैं।
आरोपी शख्स का उनके घर आना-जाना था। बच्ची के पिता ने बताया कि आरोपी कृष्णा शुक्रवार को उनके घर आया था और उनकी बेटी को अपने साथ घुमाने के बहाने ले गया था। बताया कि पुलिस ने जब उनकी बेटी को बरामद किया तो उसकी मांग में सिंदूर भरा हुआ था, जिसे वो और पुलिसकर्मी देखकर हैरान रह गए थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी कृष्णा को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।












Click it and Unblock the Notifications