Ghaziabad : तीन युवकों ने कुत्ते को फांसी से लटकाया, Video वायरल
दिल्ली-एनसीआर में कुत्तों की हमलों की खबरों के बीच एक दिलदहला देने वाला वीडियो सामने आया है। यूपी के गाजियाबाद में तीन युवकों ने एक कुत्ते को फांसी पर लटका दिया। वीडियो गाजियाबाद के लोनी के पास इलायचीपुर इलाके के ट्रोनिका सिटी का है। गाजियाबाद पुलिस ने इस वीडियो को ट्वीट कर बताया कि ट्रॉनिका सिटी पुलिस को इस मामले के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। दिल्ली महिला आयोग (Delhi Women Commission) की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने वीडियो में दिख रहे युवकों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

जंजीर को गले में बांधकर दी फांसी
वायरल वीडियो पुराना बताया जा रहा है। इस वीडियो में तीन युवक काले रंग के कुत्ते को फांसी देते हुए नजर आ रहे हैं। कुत्ते के गले को जंजीर से बांधकर दो युवक अलग-अलग दिशाओं में खींचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान कुत्ता दर्द से तड़पता हुआ दिखाई दे रहा है। घर की छत पर कुत्ते को फांसी देने की यह घटना किसी ने अपने मोबाइल के कैमरे में कैद कर ली। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो को देख लोगों में जबरदस्त गुस्सा है। यूजर्स का कहना है कि इस तरह के अमानवीय कृत्यों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर समाज को संदेश दिए जाने की जरूरत है।
तीन महीने पुराना बताया जा रहा है वीडियो
पुलिस ने कहा कि वीडियो तीन महीने पुराना है और वीडियो के आधार पर लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था। बता दें, इस तरह की घटनाएं आम होती जा रही हैं। दो दिन पहले, महाराष्ट्र के बीड जिले में शुक्रवार को एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी की पालतू कुत्ते के भौंकने के बाद कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। घटना परली तालुका के धारावती टांडा इलाके की है। आरोपी ने अपने पड़ोसी विकास बंसोड़े के पालतू कुत्ते को गोली मार दी।
दरिंदों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए: स्वाति मालीवाल
दिल्ली महिला आयोग (Delhi Women Commission) की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने कहा, ''इस वीडियो को देख मन बहुत उदास है। हर दिन पशुओं के साथ बर्बरता बढ़ती जा रही है। इंसान मानवता खोता जा रहा है। देश में बेज़ुबानों की रक्षा के लिए भी सख़्त क़ानून बनाने की ज़रूरत है। इन दरिंदों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए।''












Click it and Unblock the Notifications