9वीं मंजिल की बालकनी में फंसे पपी को बचा रही थी बच्ची, गिरने से दोनों की मौत
नई दिल्ली, 25 अगस्त: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में बुधवार को एक दर्दनाक घटना घटी, जहां इमारत की नौवीं मंजिल से गिरकर 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। वो बालकनी में फंसे एक पपी (कुत्ते के पिल्ले) को बचाने की कोशिश कर रही थी, उसी दौरान ये हादसा हुआ। घटना के वक्त बच्ची की मां घर ही मौजूद थी, लेकिन जब तक वो वहां पर पहुंचती तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बच्ची के साथ गिरने की वजह से पिल्ले की भी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक 12 वर्षीय ज्योत्सना 7वीं क्लास में पढ़ती थी। बुधवार को वो अपने घर में खेल रही थी, तभी बालकनी में लगे जाल के पास उसका पपी गया और उसी में फंस गया। जिसको छुड़ाने के लिए वो भी बालकनी में पहुंची, लेकिन उसका संतुलन बिगड़ गया और वो सीधे 9वीं मंजिल से जमीन पर आ गिरी। घटना के तुरंत बाद बच्ची की मां नीचे पहुंची और उसे अस्पताल लेकर गई, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्ची के बगल में उसका पपी भी खून से लथपथ मिला।
मामले में गाजियाबाद पुलिस ने बताया कि घटना गौर होम्स हाउसिंग सोसाइटी की है, जहां पर 9वीं मंजिल से बच्ची गिर गई। घटना बुधवार दोपहर की है, उस वक्त उसके पिता ऑफिस गए हुए थे, जबकि मां घर में ही काम कर रही थी। मां ने पुलिस अधिकारियों को बताया कि उन्होंने अपनी बेटी के चिल्लाने की आवाज सुनी थी, जब तक वो दौड़कर बालकनी में पहुंचीं, तब तक वो नीचे गिर गई थी। आसपास के लोगों की मदद से उन्होंने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। हालांकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी सोमवार को इसी तरह का मामला ग्रेटर नोएडा से सामने आया था, जहां 12वीं मंजिल से नीचे गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई थी।












Click it and Unblock the Notifications