अमित शाह समेत 3 गुजराती मोदी के मंत्री, 2 को दोबारा मिला मौका; कैबिनेट के विस्तार में फिर चुने जाएंगे 3 नेता
Gujarat News In Hindi, गांधीनगर। 17वीं लोकसभा के चुनाव के बाद मोदी की अगुवाई में केंद्र में राजग की लगातार दूसरी सरकार का गठन हो गया। केंद्रीय कैबिनेट में गुजरात से इस बार 3 नेताओं को जगह मिली। इन तीन में से अमित शाह पहली बार मंत्री बने, जबकि दो अन्य बतौर राज्यसभा सांसद पहले भी मंत्री रह चुके थे। ये दो नेता हैं पुरुषोत्तम रूपाला और मनसुख मांडविया, जिन्होंने इस नई सरकार में भी केंद्रीय मंत्री का दर्जा प्राप्त किया है।

जुलाई में कैबिनेट का विस्तार होगा, तब फिर 2-3 गुजराती मंत्री बनेंगे
संवाददाता के अनुसार, जुलाई में केंद्रीय मंत्रिमंडल का विस्तार संभव है। बजट सत्र के बाद मोदी कैबिनेट का जब विस्तार होगा तो गुजरात से फिर दो या तीन नेताओं को मंत्री पद मिल सकता है। इन नेताओं में नवसारी सांसद सीआर पाटिल, महिला सांसद पूनम माडम या रंजनबेन भट्ट और एक आदिवासी बहुल क्षेत्र से शामिल किए जा सकते हैं। बताया जा रहा है कि पहले मोदी मंत्रिमंडल में गुजरात के पांच से छह नेता शामिल होने वाले थे, लेकिन पहली शपथविधि में मोदी ने मंत्रिमंडल का कद छोटा रखा।

शाह ने त्यागा राज्यसभा सांसद का पद
अब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का कैबिनेट के सदस्य चुनने में अहम रोल होगा। उन्होंने पहली बार गांधीनगर सीट से चुनाव लड़ा था और 5.5 लाख वोटों के अंतर से जीते। इस जीत के बाद ही उन्होंने अपने राज्यसभा के सदस्य पद से इस्तीफा दे दिया है।

फिर साइकिल से शपथ लेने पहुंचे मनसुख मांडविया
इस बार मोदी कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह में गुजरात से मनसुख मांडविया दोबारा साइकिल पर भवन में हाजिर हुए। पिछली बार भी मनसुख मांडविया ने साइकिल पर जाकर शपथ ली थी। बताया जाता है कि वे संसद में भी साइकिल पर जाते हैं। गुजरात से पिछली बार मोदी कैबिनेट में चुने गये जसवंतसिंह भाभोर को इस बार मौका नहीं मिला।












Click it and Unblock the Notifications