भाजपा सांसद गीता राठवा के स्वागत में बांटी तलवारें, कांग्रेस बोली- हमारे भोले लोगों को भड़का रहे हैं
गांधीनगर। मध्य गुजरात के छोटा उदयपुर लोकसभा सीट से नवनिर्वाचित सांसद गीता राठवा के कार्यक्रम में फजीहत खड़ी हो गई। यहां सरहदी गांव भोदरा में गीता के स्वागत-सम्मान में नेताओं द्वारा आदिवासी समुदाय के बीच तलवारें बांटी गईं। इसकी खबर तेजी से जिले में फैल गई। बुजुर्ग आदिवासियों ने माना कि उनका तलवार का कोइ कनेक्शन नहीं है। जिसके बाद आदिवासी समाज के कुछ लोग नाराज हो गए। तलवारें बांटे जाने के फोटो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गए। जिसके बाद कांग्रेसी नेताओं ने भी सवाल दागे। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नारण राठवा ने कहा कि बाबादेव का पिथौरा शांति का प्रतीक है। हमारे भोले आदिवासियों को घर में तलवार देकर उनको भड़काने की कोशिश की जा रही है।

तलवारों के सवाल पर सांसद ने नहीं उठाया फोन
संवाददाता के अनुसार, मध्यप्रदेश की सीमा पर स्थित भोदरा गाँव में जश्न का माहौल था। इसकी वजह भाजपा सांसद गीता राठवा का कार्यक्रम था। समाज के लोगों ने उनका सम्मान तो किया लेकिन साथ-साथ 430 तलवारें भी बांटी गईं। तलवारें बांटने से इस इलाके में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गईं। जिला भाजपा अध्यक्ष जशुभाई राठवा से तलवारों के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि दो महीने पहले गांव में जश्न मनाया गया था, तो दो से तीन लाख रुपये बचे थे। हमने तलवार औऱ कलश के साथ कुछ अन्य सामान इस रुपये से साझा किए गए थे।

430 तलवारें और तांबे की थाली बांटी गईं
तलवारों की इस घटना के बारे में जब टेलीफोन पर गीता राठवा से संपर्क किया गया, लेकिन उन्होंने कॉल नहीं उठाया। वहीं, भोदरा गांव के सरपंच कैलाश राठवा ने कहा कि, हमारे सांसद का सम्मान हुआ था। तब हमने भगवान की पूजा के लिए 430 तलवारें, तांबे की थाली इत्यादि पूजा सामग्री बांटी थीं। हर घर में भगवान की पूजा होगी। महत्वपूर्ण बात यह है कि, आदिवासी समाज में तलवार रखने की परंपरा नहीं है।

कांग्रेस ने उठाए सवाल
तलवारों के वितरण पर कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य नारन राठवा ने कहा कि बाबादेव का पिथौरा शांति का प्रतीक है। पारियू, तिरिगाम आदिवासी का मूल हथियार है। किसी भी दिन तलवारों की पूजा नहीं की जाती है। यह एक राजनीतिक साजिश है। यह हमारे भोले आदिवासियों को घर में तलवार देकर उनको भड़काने की कोशिश थी। भाजपा को इस पर जवाब देना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications