हार्दिक पटेल बोले- भाजपा सरकारी स्कूलों को बंद करेगी, शिक्षा के नाम पर अब खुल्लम खुल्ला व्यापार होगा
गांधीनगर। कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल गुजरात में रूपाणी सरकार पर लगातार हमलावर होते जा रहे हैं। हार्दिक ने अब सरकार द्वारा कुछ स्कूलों को बंद किए जाने के फैसले पर तीखी टिप्पणी की है। उन्होंने कहा, ''गुजरात की भाजपा सरकार 500 सरकारी स्कूल बंद करने जा रही है। पहले शिक्षा के नाम पर गुप्त व्यापार हो रहा था, लेकिन अब खुल्लम-खुल्ला शिक्षा के नाम पर व्यापार होगा। गुजरात के ग़रीब, मज़दूर और किसानों के बेटे की शिक्षा पर पूर्णविराम करने का काम हो रहा है। जागो मेरे गुजराती भाइयों।''
हार्दिक ने यह स्लोगन भी दिया, 'कब जागेगी भाजपा सरकार, सस्ती शिक्षा है सब का अधिकार।''

किसानों को फसल बीमा नहीं मिलने पर भी सरकार से मांगा जवाब
किसानों को फसल बीमा नहीं मिलने पर भी कांग्रेस नेता हार्दिक पटेल ने सरकार के खिलाफ बयान दिए हैं। हार्दिक ने सरकार से 7 दिन के भीतर किसानों को फसल बीमा दिए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि रूपाणी सरकार किसानों के हित में काम नहीं करेगी तो किसान सरकार के ख़िलाफ़ बोलेगा और लड़ेगा। सरकार के पास सात दिन का समय है, किसानों की समस्या का समाधान करें, नहीं तो जनांदोलन छेड़ दिया जाएगा।''

'भाजपा को गुजरात की सरकार से इस्तीफ़ा देना चाहिए'
हार्दिक ने यह बातें राजकोट सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही थीं। इस दौरान उनके साथ काफी संख्या में समर्थक उपस्थित थे। हार्दिक ने यह भी कहा कि किसानों को बचाना है तो गुजरात भाजपा को सरकार से इस्तीफ़ा देना चाहिए। गुजरात सरकार के पास किसानों के हित में एक भी योजना नहीं है। लगातार बारिश की वजह से बची हुई फ़सलें भी ख़त्म हो गई हैं, सरकार किसानों को बीमा भी नहीं दे रही। बीमा कंपनी वाले किसानों को जवाब नहीं दे रहे।''

'बारिश से फसलों को बहुत नुकसान हुआ'
कांग्रेस नेता ने सौराष्ट्र में मूंगफली और कपास की बुआई करने वाले किसानों को लेकर भी बयान दिया। कहा कि यहां के ज्यादातर किसान सिर्फ मूंगफली और कपास की बुआई करते हैं, मगर बारिश के कारण इन दोनों फसलों को भारी नुकसान हुआ है। ऐसे में सरकार द्वारा तुरंत ही फसल बीमा दिया जाना चाहिए। अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम गांव-गांव जाकर किसानों को इकट्ठा करेंगे। जरूरत पड़ने पर उपवास आंदोलन भी किया जाएगा।'' कृषि मंत्री सौराष्ट्र का होने के बावजूद किसान के परेशान होने पर भी उन्होंने तंज कसा।












Click it and Unblock the Notifications