कांग्रेस ने कहा- गुजरात की राजनीति में आ गया है ‘तोड़ो ना' वायरस, Bjp बोली- अंतर्कलह से टूट रहे आपके MLA
गांधीनगर. गुजरात विधानसभा में सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी दल कांग्रेस के बीच सदन में बवाल हो गया। सदन के अंदर यह बवाल कांग्रेस विधायकों के इस्तीफे को लेकर हुआ। जिसमें कांग्रेस की ओर से यह आरोप लगाया गया कि सत्ता पक्ष की ओर से विधायकों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। यह भी आरोप लगाया गया कि मुख्यमंत्री के निवास स्थल से इस संबंध में सौदेबाजी की जा रही है। विपक्ष के नेता परेश धानाणी ने यहां तक कह दिया कि दुनियाभर में जहां कोरोना वायरस को लेकर दहशत है, वहीं गुजरात की राजनीति में 'तोड़ो ना' वायरस आ गया है। 'तोड़ो ना' वायरस पांच राजनीतिक जिंदगी को लील गया है।

‘तोड़ो ना' वायरस 5 राजनीतिक जिंदगी को लील गया'
कांग्रेस नेता की इस टिप्पणी पर भाजपा के विधायक भी अपनी सीट से उठ गए। बाद में स्पीकर के दखलंदाजी के उपरांत मामला शांत पड़ा। बता दें कि, सोमवार को प्रश्न काल के आरंभ में ही सत्ता पक्ष भाजपा व विपक्षी कांग्रेस के विधायकों में हो-हल्ला होना शुरू हुआ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमित चावडा ने कहा कि मीडिया में यह सामने आया है कि विधायकों की खरीद-फरोख्त की जा रही है। वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जीतू वाघाणी ने कहा कि कांग्रेस की ओर विधायकों के इस्तीफे कांग्रेस के आंतरिक कलह का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के विधायक ही क्रॉस वोटिंग करेंगे।

'BJP अपनी पूरी संपत्ति दे तो भी कांग्रेस नहीं छोड़ूंगा'
खरीद-फरोख्त की चर्चा के बीच कांग्रेस विधायक प्रताप दूधात ने कहा, मुझे भाजपा अपनी सम्पत्ति भी दे दे, तो भी कांग्रेस नहीं छोड़ूंगा। प्रताप दूधात ने सोमवार को कहा, मैं कांग्रेस से नहीं जाने वाला। भाजपा अपनी पूरी सम्पत्ति भी दे दे, तो भी अपनी पार्टी नहीं छोड़ूंगा। आप देख लेना, भाजपा के विधायक कांग्रेस को अपना वोट देंगे। वहीं, भाजपा के राज्यसभा प्रत्याशी अमीन का कहना है कि, मैं कांग्रेस के विधायकों को अपने पक्ष में कराकर वोट लूंगा।'

ये हैं वो विधायक जो लापता हुए और इस्तीफा दिया
जानकारी के अनुसार, फिलहाल कांग्रेस के 5 विधायक लापता हैं। उनके फोन भी बंद आ रहे हैं। लापता विधायकों में कनुभाई बारैया, चिराग कालरिया, हर्षद रिबड़िया, अक्षय पटेल, जीतू चौधरी शामिल हैं। जबकि, प्रवीण मारू, मंगल गावित, सोमाभाई पटेल, जेवी काकड़िया और प्रद्युम्न जडेजा ने इस्तीफा दे दिया है।

भाजपा का दावा- हम 3 सीटों पर जीतेंगे
कांग्रेस के कुछ विधायकों के बागी होने के बाद भाजपा आलाकमान को भरोसा है कि, अब वह राज्यसभा की 3 सीटें कब्जा लेंगे। कांग्रेस और भाजपा दोनों दलों ने राज्यसभा की चार सीटों के लिए शुक्रवार को अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया था। कांग्रेस विपक्ष में है और भाजपा सत्ता में, लेकिन दोनों ही 2-2 राज्यसभा सीटें जीत सकती थीं।

विजय रूपाणी और अमीन ने कही यह बात
मुख्यमंत्री रूपाणी ने कहा, 'पार्टी के पास विधायकों की पर्याप्त संख्या है। हां, हमें कांग्रेस की जीत को लेकर आशंका है जो उनके चेहरे पर दिख रही है। बकौल रूपाणी, "मध्य प्रदेश में कांग्रेस की तरह पूरे देश में कांग्रेस की अब यही हालत है। भाजपा गुजरात में राज्यसभा की तीनों सीट आसानी से जीतेगी। तीनों उम्मीदवार पार्टी के मजबूत कार्यकर्ता हैं।'

'कांग्रेसी विधायकों के वोट भाजपा को दूंगा'
वहीं, भाजपा प्रत्याशी के रूप में फार्म भरने वाले नरहरि अमीन ने कहा, "मैं पहले कांग्रेस में था। वहां मैंने बहुत पीड़ा झेली। अब कांग्रेसी विधायकों से मिलकर उन्हें समझाऊंगा। फिर, अपनी जीत के लिए वोट लूंगा।"











Click it and Unblock the Notifications