गुजरात के भावनगर में दो कारों की जबरदस्त भिडंत, एक ही परिवार के चार लोगों की मौत
भावनगर। गुजरात के भावनगर में अहमदाबाद शोर्ट मार्ग पर स्थित धोलेरा के पास दो कारों की भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार में सवार महिला और बच्चे समेत 4 लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य पांच लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

ड्राइवर ने स्टेयरिंग पर खोया काबू
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। बाद में मृतको के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर पुलिस आगे की जांच में जुट गई। पुलिस की जांच के दौरान एक कार के चालक द्वारा स्टेयरिंग पर से काबू गंवाने के कारण यह टक्कर हुई होने की जानकारी सामने आई है।

मृतकों में एक ही परिवार के लोग
मृतकों में दो पुरुष, एक महिला और बच्चा भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मृतक एक ही परिवार के थे। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों तक मामले की जानकारी दे दी है। बता दें कि इसी हाइवे पर पहले भी ऐसी भीषण दुर्घटनाएं हो चुकी है। ऐसे में प्रशासन द्वारा यहां हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग लोग कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications