कांग्रेस से ही लोकसभा चुनाव लड़ेंगे अल्पेश ठाकोर, पार्टी ने इस सीट से टिकट किया ऑफर
Gujarat News, गांधीनगर। गुजरात में हार्दिक पटेल के करीबी विधायक अल्पेश ठाकोर को मनाने में कांग्रेस आखिरकार कामयाब हो गई है। कांग्रेस दिल्ली की हाईकमान द्वारा उन्हें लोकसभा चुनाव लड़वाने का ऑफर किया गया। ठाकोर को कहा गया कि वे अपनी पसंदीदा सीट पाटण से चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, ठाकोर ने कांग्रेस नेताओं को हां कह दी है।

भाजपा नहीं खींच पाई हाथ से अल्पेश को
बता दें कि, अल्पेश ठाकोर के भाजपा में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं। वह राधनपुर सीट से विधायक हैं। अपने ठाकोर समाज में उनका अच्छा प्रभाव बताया जाता है। इसी के चलते राज्य की सत्ताधारी पार्टी भाजपा इस इलाके में अल्पेश को कांग्रेस से अलग करने में जुटी थी। अल्पेश कांग्रेस से बीते काफी समय से नाराज बताए जा रहे थे। उन्होंने सीएम रुपाणी समेत कई लोगों से मुलाकात भी की।
अल्पेश के कांग्रेस से अलग होने की बाट भाजपा दरअसल इसलिए जोह रही थी, क्योंकि उसे उत्तर गुजरात की सीटें मजबूत करनी है, इसलिये भाजपाई नेतृत्व को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं। कांग्रेस ने भाजपाईयों पर खरीद-फरोख्त करने का आरोप लगाया था। दो दिन पहले भाजपा सरकार के प्रवक्ता और उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल और शिक्षा मंत्री भूपेंद्रसिंह चुडासमा ने अल्पेश ठाकोर के भाजपा में प्रवेश के प्रयासों का स्वागत करते हुए कहा था कि हम पार्टी में कांग्रेस के विधायकों का स्वागत करते हैं। हालाँकि, कांग्रेस हाईकमान द्वारा अल्पेश ठाकोर को दिल्ली बुला लिया गया।
अल्पेश ठाकोर के साथ विधायक धवलसिंह झाला और सिनियर नेता अर्जुन मोढवाडिया सुबह 10:30 बजे दिल्ली गए। तीनों नेताओं ने कांग्रेस के गुजरात प्रभारी राजीव सातव के साथ 45 मिनट चर्चा की। पार्टी सूत्रों का कहना है कि बैठक में अल्पेश के असंतोष को दूर कर दिया गया है। ये तीनों नेता अहमद पटेल से भी मिले हैं।
आपको अल्पेश ठाकोर से ही पूछना चाहिए: रुपाणी
अल्पेश ठाकोर ने दिल्ली में कहा, मेरे बारे में अफवाहें फैलाई जा रही हैं, ताकि मेरी छवि खराब हो। दूसरी ओर अल्पेश की भाजपा में जुड़ने के मुद्दे पर मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने मीडिया से कहा, "आपको अल्पेश ठाकोर से ही पूछना चाहिए।" हालांकि, उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कहा कि अगर कांग्रेस का कोई नेता बीजेपी में शामिल होना चाहता है, तो उनके लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं। जिसके बाद देर शाम तक अल्पेश ठाकोर का रुख स्पष्ट हो सका।
घटकर 73 रह गए गुजरात में कांग्रेस के विधायक
विधानसभा में कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 77 थी। जिनमें से कुंवरजी बावलिया, आशा पटेल और जवाहर चावड़ाने इस्तिफा दिया है। कांग्रेस का तलाजा के अन्य एक विधायक भगवान बारड को जेल होने की वजह से विधानसभा के अध्यक्ष ने सस्पेंड कर दिया है। कांग्रेस की विधानसभा में अब सभ्य संख्या 73 हो गई है। जबकि, मानावदर और उंझा के उपचुनाव बाद भाजपा की संख्या 99 से बढकर 102 हो गई।
26 सीटें जीतना चाहती है भाजपा
गुजरात में लोकसभा चुनाव में भाजपा का फोकस सभी 26 सीटें जीतने पर है। इसके लिए भाजपा ने कांग्रेस के नाराज विधायकों को भी अपने साथ लेने की निर्णय किया।कुंवरजी बावलिया, आशा पटेल के बाद अब जवाहर चावडा भी भाजपा में जुड़ गए हैं।


Click it and Unblock the Notifications
