यूपी के फिरोजाबाद में शादीशुदा भाई ने बहन को क्यों बनाया बीवी? वजह जानकर रह जाएंगे हैरान
फिरोजाबाद, 16 दिसंबर: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में हुए फर्जीवाड़े ने लोगों को हैरान कर दिया है। शहर के साथ-साथ ये सामूहिक विवाह समारोह सोशल मीडिया में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। मामला की कुछ ऐसा है। दरअसल, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत संपन्न इस शादी समारोह में भाई ने बहन से ही शादी रचा ली और उसे अपनी बीवी बना लिया। मामला सामने आने के बाद अधिकारियों के भी होश उड़ गए। बताया जा रहा है कि पड़ताल के बाद पता चला कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत दूल्हा-दुल्हन को मिलने वाले सामान और 35 हजार रुपए की लालच में ये भाई-बहन आपस में पति-पत्नी बन गए।

सामूहिक समारोह में भाई ने की बहन से शादी
टूंडला के प्रखंड विकास कार्यालय परिसर में 11 दिसंबर को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस समारोह में टूंडला नगरपालिका, टूंडला ब्लॉक और नारखी ब्लॉक के 51 जोड़ों की शादी कराई गई। समारोह में सभी जोड़ों को गृहस्थी का सामान और कपड़े दिए गए थे। इसी समारोह में शख्स ने अपनी बहन से ही शादी कर ली थी। अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि इन दोनों ने योजना के तहत मिलने वाले सामान और पैसों की लालच में ऐसा किया।

कैसे हुआ खुलासा ?
दरअसल, शादी समारोह के बाद कुछ नवविवाहित जोड़ों के वीडियो और फोटोज स्थानीय लोगों के साथ साथ ग्राम प्रधान तक पहुंचे तो पता चला कि रिश्ते के शादीशुदा भाई ने बहन से ही शादी कर ली। फोटोज सामने आने के बाद जब इसकी जांच पड़ताल की गई तब पूरी हकीकत सामने आई। इसके बाद अधिकारियों ने आरोपी युवक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई। अब इस मामले में अधिकारियों पर गाज गिर सकती है, क्योंकि सामूहिक विवाह योजना में शामिल युवक युवतियों की कुंडली खंगालने और उनके सत्यापन की जिम्मेदारी अधिकारियों की ही होती है।

अधिकारियों से मांगा गया स्पष्टीकरण, हो सकती है कार्रवाई
इस मामले में समाज कल्याण विभाग के सहायक विकास अधिकारी चंद्रभान सिंह ने नगला प्रेम निवासी शख्स के खिलाफ तहरीर दी है। खंड विकास अधिकारी नरेश कुमार के मुताबिक, शादी के लिए जोड़ों का सत्यापन करने वाले ग्राम पंचायत सचिव मरसेना कुशलपाल, ग्राम पंचायत घिरौली सचिव अनुराग सिंह, एडीओ कॉपरेटिव सुधीर कुमार एडीओ समाज कल्याण विभाग चंद्रभान सिंह से स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications