वरमाला के बाद शादी का मंडप छोड़ भाग गया दूल्हा, दुल्हन बोली- ऐसे लड़के से कभी नहीं करूंगी शादी
फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक दूल्हा शादी के मंडप से ही फरार हो गया। बारात बिना दुल्हन के ही वापस लौट गई। दरअसल, दूल्हे को दहेज में कुछ ज्यादा चाहिए था, लेकिन जब उसके मन की न हो सकी तो मौके से फरार हो गया। बता दें, दूल्हा-दुल्हन एक दूसरे को वरमाला डाल चुके थे। मंडप में सात फेरों की तैयारियां थीं, लेकिन इससे पहले ही दहेज लोभी दूल्हा भाग गया। दूल्हे की हरकत देख दुल्हन ने भी शादी से इनकार करते हुए कहा कि ऐसे दहेज लोभी दूल्हे से शादी नहीं करूंगी। पुलिस ने लड़की पक्ष के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।
Recommended Video

8 नवंबर को इटावा से आई थी बारात
दरअसल, पूरा मामला थाना उत्तर क्षेत्र के झलकारी नगर का है। यहां रहने वाले एक शख्स की बेटी की 8 नवंबर को गांव नगला जिंजा सैफई जिला इटावा से बरात आई। दूल्हा बारात तो लेकर आ गया और उसने दुल्हन के वरमाला भी डाली। वरमाला तक पूरा शादी का जो माहौल था बहुत ही खुशी का था। सब लोग खुश थे, लेकिन खुशियां उस वक्त काफूर हो गईं जब शादी के लिए सजाया गया दहेज दूल्हे को नागवार गुजरा। दूल्हे ने कहा, यह दहेज तो बहुत कम है, मुझे इससे भी ज्यादा दहेज चाहिए।
वरमाला के बाद दूल्हा फरार
दहेज की बात सुनकर लड़की के पिता सकते में रह गए। उन्होंने दूल्हे और उसके परिजनों से कहा, 'मैं दहेज कहां से लाऊं, मेरे पास जो कुछ भी था तुम्हें दे दिया।' दूल्हा अपने आगे कुछ सुनने को तैयार नहीं था। वह लड़की के परिवार की इज्जत को दरकिनार करते हुए बारात वापस लेकर चला गया। दुल्हन की मेहंदी हाथों में रची रह गई और वह दुल्हन के जोड़े में सजी बैठी अपने घर पर बिना दूल्हे के रह गई। हालांकि, दुल्हन ने कहा कि वह ऐसे दहेज लोभी लड़के से शादी नहीं करेगी। वहीं, अब इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। पुलिस ने लड़की पक्ष के तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।












Click it and Unblock the Notifications