फिरोजाबाद: आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर पलटी बस, बंगाल जा रहे 12 यात्री घायल
फिरोजाबाद। यूपी के फिरोजाबाद में शिकोहाबाद के मटसेना थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बुधवार की सुबह एक डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 12 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। डबल डेकर बस हरियाणा के गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल के मालदा जा रही थी।

गुरुग्राम से पश्चिम बंगाल जा रहे थे लोग
जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशी द्वारा अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए बाहर जो लोग मजदूरी करने गए हैं, उन्हें वोट डालने के लिए बुलाया जा रहा है। मंगलवार रात गुरुग्राम से लगभग 50 लोग पश्चिम बंगाल के मालदा शहर जा रहे थे। बुधवार सुबह करीब चार बजे थाना मटसेना के क्षेत्र के दतावली गांव के पास तेज गति से आ रही डबल डेकर बस ट्रक से टकराने के बाद पलट गई। बस में सो रहे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही थाना मटसेना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को यूपीडा एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
अयोध्या में हुए हादसे में छह की मौत
इससे पहले अयोध्या में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में छह की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। कोतवाली रुदौली क्षेत्र के लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर कानपुर से बस्ती की ओर जा रही दो रोडवेज की बस में से आगे चल रही बस को रौजागांव पुल के पास बगल से गुजर रही एक डीसीएम ने साइड से टक्कर मार दी। रोडवेज बस के चालक ने बस को किनारे रोक दिया। उसके साथ पीछे चल रही दूसरी बस के चालक ने भी बस को रोक दिया और डीसीएम से लगी टक्कर को देखने के लिए आगे ओवरब्रिज के पास बस का निरीक्षण करने लगे। इसी दौरान बस के अंदर बैठे यात्री भी नीचे उतर आए। इस बीच लखनऊ की ओर से अयोध्या जा रहे जा रहे ट्रेलर ने अनियंत्रित होकर खड़ी बस में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। ट्रेलर की भीषण टक्कर से बस से नीचे उतर कर खड़े यात्रियों में से आठ लोग गंभीर रूप घायल हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को आनन-फानन में एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां छह लोगों की मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications