यूपी: कोरोना संकट के बीच गंगा में प्रवाहित होने का इंतजार कर रहे अस्थि कलश, कोई परिजन लेने नहीं आ रहा
फिरोजाबाद, 11 मई। कोरोना संकट की दूसरी लहर से जूझ रहे उत्तर प्रदेश में मृत व्यक्तियों के अस्थि कलश भी गंगा या यमुना में प्रवाहित किए जाने का इंतजार कर रहे हैं। फिरोजाबाद जिले में स्वर्गाश्रम विकास समिति में 350 के करीब अस्थि कलश रखे हुए हैं लेकिन इनको ले जाने के लिए कोई नहीं आ रहा है। मृत व्यक्तियों के अंतिम संस्कार करने के बाद उनके परिजन फिर वापस लौटकर अस्थि कलश नहीं ले जा रहे हैं।

हिंदू रीति के मुताबिक, मोक्ष प्राप्ति के लिए त्रयोदशी संस्कार से पहले इन अस्थियों का गंगा या यमुना में प्रवाह हो जाना चाहिए लेकिन कोरोना संकट में सबकुछ ठप पड़ा है। इस बारे में स्वर्गाश्रम विकास समिति के सचिव ने कहा कि करीब 350 अस्थि कलश हैं जिनको लेने के लिए कोई नहीं आ रहा। इनमें से करीब 100 अस्थि कलश पिछले साल से ही रखे हैं। स्वर्गाश्रम विकास समिति अब इन सभी अस्थि कलश को गंगा में प्रवाहित कराएगी।
सोमवार को फिरोजाबाद में कोरोना वायरस से संक्रमित 92 नए मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या में कमी आ रही है। सोमवार को इस बीमारी से तीन लोगों की मौत हो गई। पिछले एक सप्ताह में जिले में 800 से ज्यादा संक्रमित मिले हैं।
वहीं प्रदेश में भी कोरोना मरीजों की संख्या में प्रतिदिन कमी आ रही है। सोमवार को 21,331 नए संक्रमित मिले और 29709 मरीज इस बीमारी से मुक्त हुए। 278 मरीजों की इस बीमारी से मौत हो गई। अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल 2,25,271 मरीजों में यह वायरस एक्टिव है।












Click it and Unblock the Notifications