Lady Diana: जब बेटी की चाह में डायना से नाराज हुए थे प्रिंस चार्ल्स
अपनी मौत के 25 साल बाद प्रिंसेस डायना एक बार फिर चर्चा में आ गयी हैं, एक ऑडियो टेप के रूप में। हाल ही में पहली बार सामने आई इस ऑडियो रिकॉर्डिंग का इस्तेमाल "डायना: द रेस्ट ऑफ हर स्टोरी" नामक एक नई डॉक्यूमेंट्री में किया गया है।
डायना ने अपने करीबी दोस्त, जेम्स गिल्बी को अपने जीवन काल में ही सौंप दिया था। यह कुख्यात "स्क्विडगेट टेप" का हिस्सा हैं। टेप में, डायना ने प्रिंस चार्ल्स के साथ अपने विवाह का वर्णन किया है और बताया है कि अपने बेटे हैरी को जन्म देने के बाद किस तरह प्रिंस ने निराशा जताते हुए उनसे बोलना तक बंद कर दिया था।

संभवतः वह बेटी चाहते थे। इस लीक्ड ऑडियो टेप में प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना के वैवाहिक जीवन के बारे में बहुत कुछ कहा गया है, जिसको दुनिया भी जानना चाहती है।
कब हुआ था प्रिंस हैरी का जन्म?
डायना और प्रिंस चार्ल्स के बेटे प्रिंस हैरी, जिनका पूरा नाम हेनरी चार्ल्स अल्बर्ट डेविड है, का जन्म 15 सितंबर,1984 को हुआ था। उनका जन्म पैडिंगटन, लंदन, यूनाइटेड किंगडम में सेंट मैरी अस्पताल के लिंडो विंग में हुआ था। प्रिंस हैरी प्रिंस चार्ल्स (अब किंग चार्ल्स III) और प्रिंसेस डायना के छोटे बेटे हैं। प्रिंस हैरी का जन्म ब्रिटिश शाही परिवार में एक महत्वपूर्ण अवसर था, क्योंकि वह प्रिंस विलियम के छोटे भाई हैं, जो अपने पिता प्रिंस चार्ल्स के बाद ब्रिटिश सिंहासन के लिए दावेदार हैं। हाल ही में प्रिंसेस डायना की जो ऑडियो लीक हुई है,उसमें उन्हें कहते हुए सुना जा सकता है कि प्रिंस चार्ल्स उस समय नाराज़ हुए थे क्योंकि उनके घर एक लड़का जन्मा था, जबकि वह चाहते थे कि उनके घर लड़की का आगमन हो।
प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शाही शादी
प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना को 70 के दशक के अंत में डायना की बहन, सारा स्पेंसर ने मिलवाया था। प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना की शादी 29 जुलाई, 1981 को लंदन में सेंट पॉल कैथेड्रल में हुई थी। यह एक अंतरराष्ट्रीय समारोह था और 74 देशों में 75 करोड़ टेलीविजन दर्शकों ने इस शाही शादी को देखा था। दोनों की शादी के दिन ब्रिटेन में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया था। इस शादी को "वेडिंग ऑफ द सेंचुरी" का नाम दिया गया था।प्रिंसेस डायना ने अपनी किताब 'डायना: इन हर ओन वर्ड्स' में लिखा कि दोनों ने अपनी शादी से पहले 13 बार मुलाकातें की थीं।
प्रिंस चार्ल्स और राजकुमारी डायना का प्यार और वैवाहिक जीवन उतार-चढ़ाव से भरा रहा। हालांकि डायना को शक था कि प्रिंस चार्ल्स अब भी अपनी पूर्व प्रेमिका कैमिला पार्कर से प्यार करते हैं। डायना की बहन सारा ने प्रिंस चार्ल्स से शादी न करने की भी सलाह दी थी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। 1982 में डायना ने पहले पुत्र, प्रिंस विलियम और 1984 में दूसरे बेटे प्रिंस हैरी को जन्म दिया।
वैवाहिक जीवन में तकरार
वोग की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 1986 में प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना एक दूसरे से शादी से बहुत ज्यादा दुखी थे और दोनों का एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर चल रहा था। प्रिंस चार्ल्स ने 1994 में यह बात अपने आधिकारिक जीवनीकार, जोनाथन डिम्बलबी से भी कही कि उनका अफेयर 1986 में कैमिला से चल रहा था। प्रिंस चार्ल्स ने अपने जीवनीकार से यह भी कहा कि प्रिंसेस डायना का भी सेना के कप्तान जेम्स हेविट के साथ अफेयर लगभग 1986 में ही शुरू हुआ था।
धीरे-धीरे दोनों के बीच में वैवाहिक तकरार बढ़ने लगी। यहां तक कि, 1987 में डायना चार्ल्स के साथ परिवार की बाल्मोरल वार्षिक ग्रीष्मकालीन यात्रा में भी शामिल नहीं हुई। पर 1992 में प्रिंस चार्ल्स, प्रिंसेस डायना के साथ दक्षिण कोरिया की आधिकारिक यात्रा पर गए थे। उसके एक महीने बाद ही ब्रिटेन के प्रधानमंत्री जॉन मेजर ने घोषणा की कि प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना अलग हो रहे हैं।
अलग होने के बाद की कहानी!
प्रिंस चार्ल्स और प्रिंसेस डायना के तलाक को अगस्त 1996 में अंतिम रूप दिया गया था। तलाक के बाद, वे दोनों अपने अपने शाही कर्तव्यों को संभालने लगें। दोनों तलाक के बावजूद, सार्वजनिक स्थानों पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराते रहे। तलाक के बाद डायना को अच्छी-खासी एलिमोनी मिली, लेकिन उनसे उनका शाही पद छीन लिया गया। चार्ल्स से तलाक के एक साल बाद, 31 अगस्त 1997 को पेरिस में एक कार दुर्घटना में डायना की मृत्यु हो गई। फिर प्रिंस चार्ल्स ने 2005 में कैमिला पार्कर से शादी कर ली। आज भी डायना को ब्रिटिश इतिहास में महत्वपूर्ण हस्ती के रूप में याद किया जाता है।












Click it and Unblock the Notifications