कपिल से झगड़े के बाद प्रशंसकों को खत लिख सुनील ग्रोवर ने खोला दिल का राज
टीवी पर डॉ. मशहूर गुलाटी के किरदार से घर-घर में मशहूर हो चुके सुनील का ये खत काफी वायरल हो रहा है। सुनील ने काफी भावुकता से अपनी बात कही है।
मुंबई। कपिल शर्मा से झगड़े के बाद टीवी शो 'द कपिल शर्मा शो' से अलग होने की खबरों के बीच सुनील ग्रोवर ने अपने प्रशंसकों के नाम एक खत लिखा है। ट्विटर पर पोस्ट किए गए इस खत में सुनील ग्रोवर ने काफी भावुकता के साथ अपनी बात कही है। टीवी पर डॉ. मशहूर गुलाटी के किरदार से घर-घर में मशहूर हो चुके सुनील का ये खत काफी वायरल हो रहा है।
सुनील ग्रोवर ने लिखा है, ''आपने मुझे जो प्यार दिया, उसके लिए धन्यवाद और आभार। आपके प्यार के बिना मेरा कोई अस्तित्व नहीं है। आपलोगों के इस प्यार की वजह से ही लोग मुझे जानते हैं। मैं इसे गले लगाता हूं। आपके प्यार से मेरा दिल भर जाता है, मेरे दिल में नफरत के लिए कोई जगह नहीं बचती है। मैं खुद को अच्छे काम, और अच्छे लोगों के प्रति समर्पित करना चाहता हूं जो सच में मेरी नीयत जानते हैं। मुझे समझ में नहीं आ रहा है कि मैं क्या करूं और मुझे घबराहट हो रही है। मुझे नहीं पता मैं भविष्य में क्या करूंगा।"
कपिल ने सुनील से झगड़े को बताया था पारिवारिक मामला
हाल ही में फ्लाइट में कपिल शर्मा और सुनील ग्रोवर में झगड़े की बात सामने आई थी। इसके बाद दोनों के बीच तनातनी है। हालांकि कपिल शर्मा ने ट्विटर पर सुनील से झगड़े को पारिवारिक मामला बताया, और सुनील से माफी भी मांगी थी। लेकिन सुनील ने इसे कपिल की बेशर्मी कहा था। इसके बाद अब प्रशंसकों का शुक्रिया करते हुए सुनील ने ये खत लिखा है। सुनील ग्रवोर टीवी के साथ-साथ फिल्मों में भी काम कर चुके हैं। सुनील ग्रोवर की पहचान एक कॉमेडियन की है। टीवी पर रिंकू भाभी और मशहूर गुलाटी का उनका किरदार खासा मकबूल है।












Click it and Unblock the Notifications