Neeraj Chopra: 18 साल की उम्र से जीत रहे हैं 'सोना', जानें कब कब जीते नीरज चोपड़ा ने पदक
Neeraj Chopra: विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के 2022 संस्करण में नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक प्रतियोगिता में रजत पदक जीता था। इस बार नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में स्वर्ण पदक जीता है। इसी में साथ ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता और भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के इतिहास में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए है। नीरज ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2023 में 88.17 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता का फाइनल जीता है। आपको बता दें कि नीरज ने अंतरराष्ट्रीय खेलों में स्वर्ण पदक जीतने की शुरुआत केवल 18 वर्ष में ही कर दी थी।
डायमंड लीग, 2023
नीरज चोपड़ा ने जून 2023 में, दो डायमंड लीग स्पर्धाओं - दोहा डायमंड लीग और लॉजेन डायमंड लीग में हिस्सा लिया था। उन्होंने दोनों में जीत हासिल की थी। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में अपने सीजन की शुरुआत की, जहां उन्होंने भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। लॉजेन डायमंड लीग में भी उन्होंने 87.66 मीटर के थ्रो के साथ भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था।

विश्व प्रतियोगिता, 2022
नीरज चोपड़ा ने 2022 में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीता था। इस जीत के साथ वह विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले पहले भारतीय बन गए थे। यह चैंपियनशिप अमेरिका के ओरेगॉन में आयोजित हुई थी। नीरज चोपड़ा के 88.13 मीटर के थ्रो ने उन्हें रजत पदक दिलाया था। वह ग्रेनेडा के एंडरसन पीटर्स के 90.54 मीटर के थ्रो को पीछे नहीं छोड़ सके।
डायमंड लीग, 2022
नीरज चोपड़ा ने 2022 में डायमंड लीग में दो ट्रॉफी जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बनकर इतिहास रच दिया था। नीरज ने 2022 में 88.44 मीटर के थ्रो के साथ ज्यूरिख डायमंड लीग फाइनल जीता और स्वर्ण पदक लेकर भारत लौटे। उन्होंने डायमंड लीग 2022 के दूसरे एडिशन में भी स्वर्ण पदक जीता था और भारत का नाम रोशन किया था।
ओलंपिक, 2020
नीरज चोपड़ा ने टोक्यो 2020 ओलंपिक में पुरुषों की भाला फेंक प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था, जो एथलेटिक्स में भारत का पहला ओलंपिक स्वर्ण पदक था। नीरज ने 4 अगस्त 2020 को ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने स्वर्ण पदक जीतने के लिए 87.58 मीटर की दूरी पर भाला फेंका था। चोपड़ा पुरुषों की भाला फेंक में ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले एशियाई एथलीट है। वह ओलंपिक में भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले ट्रैक और फील्ड एथलीट भी है।
एशियाई गेम्स, 2018
नीरज चोपड़ा ने 2018 एशियाई खेलों में भाग लिया था और सफलता हासिल की थी। उन्होंने भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता, और एशियाई खेलों में इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बने। भाला फेंक में नीरज चोपड़ा की स्वर्ण पदक जीत भारत के लिए ऐतिहासिक थी। नीरज चोपड़ा 2018 एशियाई खेलों के उद्घाटन समारोह में भारत के ध्वजवाहक रहे थे।
कॉमनवेल्थ गेम्स, 2018
नीरज चोपड़ा ने 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स में बड़ी सफलता हासिल की थी। नीरज चोपड़ा ने 2018 कॉमनवेल्थ में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने 86.47 मीटर की दूरी पर भाला फेंका और स्वर्ण पदक जीता और कॉमनवेल्थ गेम्स में भाला फेंक में स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। नीरज चोपड़ा ने जब 2018 में कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था तब वह केवल 20 साल के थे।
एशियन चैंपियनशिप, 2017
नीरज चोपड़ा ने 2017 में एशियाई चैंपियनशिप में जबरदस्त प्रदर्शन किया था। यह प्रतियोगिता ओडिशा के भुवनेश्वर में आयोजित हुई थी। प्रतियोगिता में नीरज चोपड़ा ने प्रथम स्थान पर आ कर स्वर्ण पदक जीता था। एशियाई चैंपियनशिप में नीरज चोपड़ा की सफलता उनके करियर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर थी। इस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने के लिए नीरज चोपड़ा ने 85.23 मीटर की दूरी पर भाला फेंका था।
दक्षिण एशियाई चैंपियनशिप, 2016
2016 में नीरज चोपड़ा ने दक्षिण एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था। यह उनके लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी, क्योंकि इससे खेल में उनके शानदार प्रदर्शन की शुरुआत हुई थी। दक्षिण एशियाई खेलों में, चोपड़ा ने 82.23 मीटर की थ्रो के साथ एक नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड हासिल किया था। नीरज ने जब 2016 में दक्षिण एशिया प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था तब वह केवल 18 साल के थे।












Click it and Unblock the Notifications