Badminton: कब शुरुआत हुई सिंगापुर ओपन की, जानिये भारतीय खिलाड़ियों का अभी तक का प्रदर्शन
सिंगापुर ओपन दुनिया के टॉप बैडमिंटन टूर्नामेंट में से एक है। फिलहाल यह 6 जून से 11 जून तक सिंगापुर में आयोजित हो रहा है।
बैडमिंटन के खेल में सिंगापुर ओपन एक बड़ा टूर्नामेंट है। यह सिंगापुर इंडोर स्टेडियम में सालाना आयोजित होता है। यही नहीं, यह बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (बीडब्ल्यूएफ) वर्ल्ड टूर कैलेंडर पर सुपर 750 टूर्नामेंट का हिस्सा है। इसमें दुनियाभर के टॉप बैडमिंटन खिलाड़ी हिस्सा लेते हैं।
बीडब्ल्यूएफ ने सिंगापुर ओपन को 2023 से छह बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट्स में शामिल किया है। सिंगापुर ओपन के अलावा बीडब्ल्यूएफ सुपर 750 इवेंट लिस्ट में चाइना मास्टर्स, डेनमार्क ओपन, फ्रेंच ओपन, इंडिया ओपन और जापान ओपन शामिल हैं।

सिंगापुर ओपन का इतिहास
सिंगापुर ओपन की शुरुआत 1929 में हुई थी। साल 1957 में यह एक 'ओपन इनविटेशन' चैम्पियनशिप बन गयी और 1973 तक सालाना आयोजित होने लगी। फिर 1987 से 1989 तक इस टूर्नामेंट को कोनिका कप के नाम से भी जाना गया। इस दौरान यह इनविटेशन चैंपियनशिप थी, जिसमें केवल एशियाई खिलाडी हिस्सा ले सकते थे। फिलहाल सिंगापुर ओपन जो टीवी पर हम देखते है, उसकी शुरुआत 90 के दशक में हुई थी। बीडब्ल्यूएफ ने सिंगापुर ओपन को 2018 अपग्रेड किया है। यानी अब इसमें विश्व के टॉप 15 एकल खिलाड़ी और शीर्ष 10 वैश्विक रैंकिंग वाले युगल खिलाड़ी हिस्सा ले सकते हैं।
सिंगापुर ओपन में इनाम राशि
2023 के सिंगापुर ओपन सुपर 750 की कुल पुरस्कार राशि ₹7 करोड़ है जोकि पिछली बार से 2.3 गुना ज्यादा है। हालांकि तब यह सुपर 500 में शामिल था। फिलहाल एकल वर्ग में विजेता को ₹49.06 लाख, उप-विजेता को ₹23.8 लाख, सेमी-फाइनलिस्ट को ₹9.8 लाख, क्वार्टर-फाइनलिस्ट को ₹3.8 लाख, राउंड ऑफ 16 को ₹2.1 लाख और राउंड ऑफ 32 को ₹71,000 मिलेंगे। जबकि युगल वर्ग में विजेता को ₹51.8 लाख, उप-विजेता को ₹24.5 लाख, सेमी-फाइनलिस्ट को ₹9.8 लाख, क्वार्टर-फाइनलिस्ट को ₹4.3 लाख, राउंड ऑफ 16 को ₹2.2 लाख और राउंड ऑफ 32 को ₹71,000 दिए जायेंगे।
किन-किन खिलाडियों ने जीते खिताब
पुरुष वर्ग में एकल चैंपियन इंडोनेशिया के एंथोनी सिनिसुका गिंटिंग है और युगल चैंपियन इंडोनेशिया के लियो रोली कार्नांडो और डेनियल मार्थिन हैं। जबकि पुरुष एकल प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा टाइटल जीतने का रिकॉर्ड सिंगापुर के वोंग पेंग सून के पास है। उन्होंने कुल 7 बार इस टूर्नामेंट को जीता है। वहीं पुरुष युगल प्रतियोगिता में सबसे टाइटल जीतने का खिताब सिंगापुर के ओंग पोह लिम के पास है। उन्होंने 9 बार खिताब अपने नाम किया है।
महिला एकल प्रतियोगिता की चैंपियन भारत की पी.वी. सिंधु और युगल चैंपियन इंडोनेशिया की अप्रियानी राहयु और सिती फादिया सिल्वा थी। सिंगापुर ओपन में महिला खिलाड़ियों से सबसे ज्यादा एकल टाइटल जीतने का रिकॉर्ड सिंगापुर की हेलेन हैंग के पास है. उन्होंने सात बार खिताब जीता है। वहीं सबसे ज्यादा युगल टाइटल जीतने का रिकॉर्ड भी हेलेन हैंग के पास ही है। इस कैटगरी में उन्होंने आठ बार बाजी मारी है। जबकि मिश्रित युगल वर्ग में थाईलैंड के देचापोल पुवरानुक्रोह और सपसीरी तारातनाचाई चैम्पियन रही हैं।
सिंगापुर ओपन में भारतीय खिलाड़ी
सिंगापुर ओपन में भारत ने 2010 से पहले कोई खास छाप नहीं छोड़ी। दरअसल इसी साल साइना नेहवाल ने सिंगापुर ओपन में महिला एकल प्रतियोगिता जीतकर भारत को पहला खिताब दिलवाया था। उसके बाद 2017 में भारत के साई प्रणीत ने पुरुष एकल प्रतियोगिता का टाइटल जीता। फिर पिछले ही साल पी.वी. सिंधु ने सिंगापुर ओपन में महिला एकल प्रतियोगिता का टाइटल जीता था। गौरतलब है कि आजतक किसी भी भारतीय खिलाड़ी ने सिंगापुर ओपन में कभी भी युगल प्रतियोगिता में टाइटल नहीं जीता है। साल 2022 में रैंकिंग के आधार पर स्वीडन के साथ भारत 11वें स्थान पर था।












Click it and Unblock the Notifications