Happy Birthday Rekha: क्या रेखा से पहले मुकेश अग्रवाल की लाइफ में थी कोई और महिला?
आज बॉलीवुड की सबसे हसीन अभिनेत्रियों में से एक रेखा का जन्मदिन है। जानिए उनके जीवन के कुछ अनछूए पहलुओं के बारे में।
रेखा बर्थडे स्पेशल (Rekha Birthday): साल 1978 में आई फिल्म 'घर' का मशहूर गीत 'आपसे भी खूबसूरत आपके अंदाज हैं ' पूरी तरह से बॉलीवुड की सबसे हसीन अभिनेत्रियों में से एक रेखा पर फिट बैठता है। अदा, सुंदरता, अदायगी, डांस का कंपलीट पैकेज हैं अभिनेत्री रेखा, जिनके आगे आज की युवा अभिनेत्रियां भी पानी भरती हैं लेकिन सिल्वर स्क्रीन पर एक से एक रोल निभाकर लोगों के दिलों पर राज करने वाली रेखा असल जिंदगी में काफी रहस्यमयी हैं।
Recommended Video

आज भी तन्हा हैं अभिनेत्री रेखा
उनकी तन्हाई, उनकी खामोशी, उनके दर्द जैसे कुछ अनछूए पहलू हैं, जिसको जानने के लिए ना जाने कितने लोगों ने कोशिश की लेकिन सभी नाकाम रहे। हिंदी सिनेमा की मोस्ट लविंग एक्ट्रेस ने पर्दे पर सभी हिट एक्टर्स के साथ रोमांस किया लेकिन असल जिंदगी में उन्हें प्यार नसीब नहीं हुआ।

अनकही प्रेम कहानी
मशहूर एक्टर विनोद मेहरा के साथ उनकी शादी की खबरें आईं लेकिन रेखा ने हमेशा इस बात से इंकार किया तो वहीं सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के साथ उनकी अनकही प्रेम कहानी से आज भी बॉलीवुड की गलियां गुलजार हो जाती हैं लेकिन उसमें कितनी सच्चाई है, वो आज तक किसी को नहीं पता।

मुकेश अग्रवाल से की शादी
लेकिन रेखा ने इन सारी बातों को दरकिनार करते हुए 15 अप्रैल 1990 को दिल्ली के मशहूर बिजनेसमैन मुकेश अग्रवाल से शादी रचाई थी। दोनों की मुलाकात एक कॉमन फ्रेंड बीना रमानी के जरिए हुए थी। कहा जाता है कि मुकेश लग्जरी पार्टियों के शौकीन थे और ऐसी ही किसी पार्टी में वो रेखा से मिले और फिर दोनों मिलने लगे और अचानक से दोनों ने मुंबई के जुहू के एक मंदिर में शादी कर ली। इस शादी में रेखा के मम्मी-पापा को छोड़कर और कोई नहीं था।

रेखा ने की थी जल्दबाजी में शादी
आपको बता दें कि मुकेश अग्रवाल कंपनी हॉटलाइन के मालिक थे, जो कि रसोई के सामान बनाया करती थी। रेखा की शादी उस वक्त की ब्रेकिंग न्यूज थी। हिंदी सिनेमा के जितने लोगों ने इस शादी के बारे में सुना था वो सभी अचरज में पड़ गए थे। मुकेश अग्रवाल काफी अमीर थे तो बहुत सारे लोगों ने यह तक कह दिया कि रेखा ने उनसे शादी पैसों के लिए की है।

पति के लिए एक शो-ट्रॉफी?
शादी के बाद भी रेखा ने काम नहीं छोड़ा, वो मुंबई में रहती थीं और मुकेश दिल्ली में लेकिन शायद रेखा को समझ आ गया था कि उनकी शादी की लंबी उम्र नहीं है क्योंकि रेखा और मुकेश दो अलग नेचर के प्राणि थे। यासेर उस्मान की किताब में इस बात का जिक्र है कि रेखा को जल्द ही एहसास हो गया था कि वो केवल अपने पति के लिए एक शो-ट्रॉफी हैं। उन्होंने तो ये भी लिखा है कि मुकेश चाहते थे कि रेखा काम छोड़ दें लेकिन रेखा इस बात पर राजी नहीं थीं।

कौन थी वो दूसरी महिला?
और इस बात को लेकर शादी के दो महीने बाद ही उनके झगड़े शुरू हो गए थे। इस वजह से रेखा ने दिल्ली जाना कम कर दिया था। कहा तो ये भी जाता है कि रेखा से शादी करने से पहले मुकेश एक महिला मनोचिकित्सक के साथ रिलेशनशिप में थे और उस महिला को दो बच्चे थे। अब वो महिला कौन थी और उसके दोनों बच्चे किसके थे? ये आज तक राज ही है।

शादी के 7 महीने बाद फांसी लगा ली
लेकिन रेखा की लाइफ में भूचाल तब आया जब मुकेश अग्रवाल ने शादी के 7 महीने बाद फांसी लगा ली। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा था कि ' मेरी संपत्ति में से रेखा को कुछ भी नहीं मिलेगा क्योंकि वो कमाने में सक्षम हैं' और सच भी है रेखा ने आज तक मुकेश और उनके परिवार से एक पैसा भी नहीं लिया।

अवसाद में थे मुकेश अग्रवाल?
कहा गया कि मुकेश को बिजनेस में काफी नुकसान हुआ था और वो अपनी शादी में चल रहे तनाव की वजह से भी काफी परेशान थे और इस वजह से अवसाद में थे। उनके डिप्रेशन की बात रेखा को शादी के बाद ही पता चली थी, हालांकि मुकेश के घरवाले इस बात से इंकार करते हैं कि मुकेश रेखा से मिलने से पहले अवसाद में थे।

नहीं मिले बहुत सारे सवालों के जवाब
आज भी मुकेश को लेकर बहुत सारे सवाल हैं क्योंकि जिस महिला के साथ शादी से पहले मुकेश की दोस्ती थी वो एक मनोचिकित्सक ही थी, इसलिए हो सकता है कि वो अपनी मानसिक परेशानियों के कारण ही उससे मिले हो?

'डायन' शब्द का इस्तेमाल
लेकिन मुकेश के घरवालों ने मुकेश की आत्महत्या के लिए रेखा को जिम्मेदार ठहराया था। खुद रेखा की सास का स्टेटमेंट मीडिया में आया था, जिसमें उन्होंने रेखा के लिए 'डायन' शब्द का इस्तेमाल किया था।

आज भी रहस्यमयी हैं रेखा
तो वहीं कुछ लोगों ने उन्हें 'वैंप', 'विषकन्या' और ना जाने क्या-क्या कहकर पुकारा लेकिन रेखा ने आज तक इस बारे में कोई बात नहीं की और ना ही कभी दूसरी शादी की। वो इवेंट या अवॉर्ड समारोह में भले ही नजर आती हों लेकिन किसी की पर्सनल पार्टी में कम ही दिखती हैं। सच तो ये है कि दौलत-शौहरत के शिखर पर बैठी रेखा आज भी रहस्यमयी ही हैं।













Click it and Unblock the Notifications