IPL की ब्रांड वैल्यू $6 बिलियन से भी ज्यादा, जानिए IPL से जुड़े 8 जबरदस्त फैक्ट्स
इस साल आईपीएल का 16वां सीजन खेला जा रहा है। आइए जानते हैं क्रिकेट के इस तूफानी सैगमेंट से जुड़े कुछ रोचक तथ्यों के बारे में।

IPL 2023: सबसे ज्यादा देखी जाने वाली क्रिकेट लीग
टोटल स्पोर्टस की रिपोर्ट के मुताबिक आईपीएल दुनिया में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली क्रिकेट लीग है। आईपीएल 2023 के पहले वीकेंड पर जियो सिनेमा पर डिजिटल व्यूअरशिप 1.47 बिलियन थी, जोकि पूरे 2022 की डिजिटल व्यूअरशिप से अधिक थी। साल 2022 के आईपीएल के पहले हफ्ते में टीवी पर आईपीएल देखने वालों की संख्या 229 मिलियन और यही संख्या वर्ष 2021 के आईपीएल के पहले हफ्ते में 267 मिलियन थी।
सबसे ज्यादा महंगे बिकने वाले खिलाड़ी
सैम करन आईपीएल इतिहास में बिकने वाले सबसे महंगे खिलाड़ी है। उन्हें आईपीएल 2023 की नीलामी में पंजाब किंग्स ने ₹18.5 करोड़ में अपनी टीम में शामिल किया। सैम करन ने क्रिस मॉरिस का ₹16.25 करोड़ का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। दरअसल, 2021 की नीलामी के दौरान मॉरिस आईपीएल इतिहास में सबसे महंगे बिकने वाले खिलाड़ी थे। इससे पहले यह रिकॉर्ड युवराज सिंह के नाम था। साल 2015 के आईपीएल में युवराज को दिल्ली कैपिटल्स ने ₹16 करोड़ में टीम में शामिल किया था।
सबसे बड़ा स्कोर
आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा स्कोर 263/5 है, जिसे 23 अप्रैल 2013 को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) ने पुणे वारियर्स इंडिया के खिलाफ बनाया था। क्रिस गेल ने उस मैच में केवल 66 गेंदों पर नाबाद 175 रन बनाये थे। जोकि आईपीएल के इतिहास में किसी खिलाड़ी का सर्वाधिक स्कोर भी है। आरसीबी के पास आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड भी है, जो 248/3 है। जिसे टीम ने 14 मई 2016 को गुजरात लायंस के खिलाफ बनाया था।
सबसे तेज और सबसे धीमी आईपीएल सेंचुरी
आईपीएल इतिहास में सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 2013 के एक आईपीएल मैच में केवल 30 गेंदों में 100 रन बना दिए। क्रिस गेल ने अपनी जबरदस्त पारी में कुल 30 बाउंड्री लगाई जिसमें से 17 छक्के थे और 13 चौके थे। आईपीएल इतिहास का सबसे धीमा शतक लगाने का रिकॉर्ड मनीष पांडे के पास है। मनीष पांडे ने डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 2009 के आईपीएल के मैच में 67 गेंदों में 100 रन बनाए थे।
आईपीएल में टीमों द्वारा खर्च
क्रिकेट टाइम्स के अनुसार, मुंबई इंडियंस ने आईपीएल की शुरुआत के बाद से अब तक ₹978.3 करोड़ खर्च किए हैं। जबकि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने ₹1003.7 करोड़ खर्च किए हैं। नयी टीमों यानी गुजरात टाइटन्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने क्रमशः ₹174.3 करोड़ और ₹179.8 करोड़ खर्च किए हैं। आईपीएल की शुरुआत से चेन्नई सुपर किंग्स ने ₹854.1 करोड़, राजस्थान रॉयल्स ने ₹704.8 करोड़, सनराइजर्स हैदराबाद ने ₹735.4 करोड़, पंजाब किंग्स ने ₹860.8 करोड़, दिल्ली कैपिटल्स ने ₹918.7 करोड़, कोलकाता नाइट राइडर्स ने ₹939.6 करोड़ खर्च किये हैं।
विदेशी मैदानों पर आईपीएल
आईपीएल तीन बार भारत से बाहर खेला जा चुका है। पहली बार आईपीएल विदेशी मैदान पर तब खेला गया था जब भारत में 2009 के लोकसभा चुनाव थे। इस सीजन का आईपीएल दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था। दूसरी बार आईपीएल 2014 में यूएई में खेला गया था। दरअसल, उस साल भी देश में लोकसभा चुनाव थे। तीसरी बार आईपीएल 2021 में कोरोना वायरस महामारी के कारण यूएई में खेला गया था।
आईपीएल की ब्रांड वैल्यू
ब्रांड डायरेक्टरी की रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल की 2020 में ब्रांड वैल्यू कोरोना महामारी के चलते घटकर $4.4 बिलियन रह गयी थी। जबकि स्टेटिस्टा की रिपोर्ट के अनुसार आईपीएल की ब्रांड वैल्यू 2014 में $3.2 बिलियन थी और यही आंकड़ा वर्ष 2021 में बढ़कर $6.19 बिलियन हो गया।
आईपीएल में सबसे महंगी फ्रेंचाइजी
ब्रांड डायरेक्टरी और स्टेटिस्टा की रिपोर्ट के अनुसार मुंबई इंडियंस आईपीएल में सबसे महंगी फ्रेंचाइजी है और उसकी ब्रांड वैल्यू सबसे ज्यादा है। स्टेटिस्टा के अनुसार 2021 में मुंबई इंडियंस की ब्रांड वैल्यू $70.3 मिलियन थी। 2021 के आंकड़ों के अनुसार, आईपीएल की टॉप-3 फ्रेंचाइजी में चेन्नई सुपर किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स भी शामिल हैं। चेन्नई की ब्रांड वैल्यू $56.8 मिलियन और कोलकाता की ब्रांड वैल्यू $52.8 मिलियन है।
यह भी पढ़ें: IPL के वो रोमांचक मैच जहां खिलाड़ी ही भिड़ गये एक-दूसरे से












Click it and Unblock the Notifications