IPL Controversies: थप्पड़ से लेकर गाली-गलौच, आईपीएल के विवाद भी कम नहीं
दुनिया की सबसे बड़ी क्रिकेट लीग का हर सीजन किसी न किसी विवाद से घिर जाता है। गौरतलब है कि इस सीजन में विराट कोहली और गौतम गंभीर एक-दूसरे से भिड़ गये।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2023 में बड़ा विवाद हो गया, जिसके बाद विराट कोहली और गौतम गंभीर पर बीसीसीआई ने बड़ी कार्रवाई की है। मैदान पर झगड़ा करने की वजह से दोनों पर मैच फीस का 100 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा लखनऊ के तेज गेंदबाज नवीन-उल-हक पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना हुआ है।
बता दें कि इस सीजन का आगाज 31 मार्च से हुआ था और खत्म 28 मई को होगा। आईपीएल अपने शुरुआती सीजन से ही कभी स्पॉट फिक्सिंग, स्कैंडल्स, खिलाड़ियों के बीच मारपीट तो कभी फ्रेंचाइजी ऑनर की बदतमीजी की वजह से विवादों में बना रहता है। हालांकि, इन सब के बावजूद आईपीएल दुनिया की सबसे लोकप्रिय क्रिकेट लीग है। आज हम आपको आईपीएल मैचों के दौरान या बाद में मैदान पर हुए कुछ विवादों के बारे में बताने जा रहे हैं।
गौतम गंभीर और विराट कोहली विवाद
सबसे ताजा मामला 1 मई का है। जब आईपीएल 2023 के 43वें मुकाबले में आरसीबी टीम को 18 रन से जीत मिली। मैच के बाद सभी खिलाड़ी आपस में मिल रहे थे। तभी आरसीबी के विराट कोहली, लखनऊ के मेंटर गौतम गंभीर, लखनऊ के खिलाड़ी नवीन-उल-हक आपस में लड़ते देखे गये। विराट और गंभीर दोनों ही आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट 2.21 के लेवल 2 के दोषी पाये गये। दोनों की 100 प्रतिशत मैच फीस कट गई है। विराट की 1.07 करोड़ मैच फीस (100%) कटी, जबकि गंभीर की 25 लाख (100%) मैच फीस कटी है। वहीं लखनऊ के खिलाड़ी नवीन उल हक की भी 50 प्रतिशत मैच फीस (1.79 लाख रुपए) कट गई है। नवीन-उल-हक को भी आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट 2.21 के लेवल 1 का दोषी पाया गया है।
जब ऋषभ पंत ने मैदान से बल्लेबाजों को बुला लिया
आईपीएल 2022 में राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच हो रहे एक मैच के आखिरी ओवर में दिल्ली को जीत के लिए 36 रन बनाने थे। तभी रोवमन पॉवेल ने ओबेड मैकॉय की शुरुआती तीन गेंदों पर तीन छक्के मार दिए लेकिन तीसरी गेंद फुलटॉस थी। कमर से ऊंची होने के कारण पॉवेल ने नो-बॉल मांगा लेकिन मैदानी अंपायर ने नहीं दिया। तभी डगआउट में बैठे दिल्ली के कप्तान ऋषभ पंत गुस्सा हो गये और दोनों बल्लेबाजों को मैदान से बाहर आने का कहा। ऋषभ ने सहायक कोच को मैदान पर भेज दिया। इसके बाद अंपायरों ने समझाकर उन्हें वापस भेजा। यह मैच दिल्ली 15 रन से हार गई थी।
रियान पराग और हर्षल पटेल आपस में भिड़ गये
आईपीएल 2022 में राजस्थान और आरसीबी के बीच खेले जा रहे एक मैच के दौरान राजस्थान के रियान पराग और आरसीबी के हर्षल पटेल आमने-सामने आ गये थे। दरअसल 145 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम 19.3 ओवर में 115 रनों पर सिमट गई थी। हुआ यूं कि कुलदीप सेन की गेंद पर हर्षल पटेल का कैच रियान पराग ने लिया था। मैच जीतने के बाद ज्यादा जोश में वो हर्षल से भिड़ गये। तब राजस्थान और आरसीबी के खिलाड़ियों ने दोनों को अलग किया था।
जब अंपायर से भिड़ गये महेंद्र सिंह धोनी
आईपीएल 2019 के सीजन के दौरान दुनिया ने लाइव टीवी पर महेंद्र सिंह धोनी को पहली बार किसी मैच के दौरान गुस्से में देखा था। दरअसल हुआ यूं कि इस सीजन का 25वां मैच राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच में जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में खेला जा रहा था। चेन्नई को आखिरी तीन गेंदो में आठ रन की जरुरत थी। इस बीच में मिचेल सेंटनर बल्लेबाजी के लिए पहुंचे, जिन्हें पहली गेंद स्टोक्स ने फुलटॉस डाली। जिसे अंपायर उल्लास गांधी ने नो-बॉल करार दिया लेकिन उस मैच में दूसरे मैदानी अंपायर ब्रूस ऑक्सेनफोर्ड ने उनके फैसले को बदल दिया। जिसके बाद धोनी गुस्से में ही मैदान पर आ गये, जिसे देख सभी हैरान हो गये। इसके बाद अंपायर से उनकी जोरदार बहस हुई। हालांकि, फैसला नहीं बदलने पर वह गुस्से में ही लौट गये। फिर बाद में धोनी ने अपनी गलती मानते हुए लेवल-2 के तहत जुर्माने का आदेश मान लिया। और उन पर मैच का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया।
पोलार्ड ने स्टार्क पर फेंका बल्ला
आईपीएल 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) और मुंबई इंडियंस के बीच खेले गये एक मुकाबले के 17वें ओवर में आरसीबी की तरफ से मिचेल स्टार्क ने किरोन पोलार्ड पर एक बाउंसर फेंकी। इस बाउंसर से पोलार्ड पूरी तरह से हड़बड़ा गये। जिसके बाद स्टार्क ने पोलार्ड पर कुछ तंज कसा। पोलार्ड ने उस वक्त कुछ जवाब नहीं दिया। जब स्टार्क अगली गेंद फेंकने आये तो पोलार्ड क्रीज से हट गये। बावजूद उसके स्टार्क ने गेंद फेंक दी, तब पोलार्ड ने भी अपना बल्ला स्टार्क की तरफ फेंक दिया। तब मामले को शांत कराने के लिए क्रिस गेल को बीच में आना पड़ा। इस विवाद के कारण पोलार्ड पर मैच फीस का 75 प्रतिशत और स्टार्क पर 50 प्रतिशत जुर्माना लगा।
पोलार्ड ने मुंह पर चिपकाया टेप
आईपीएल 2015 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ एक मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी किरोन पोलार्ड अपने हमवतन क्रिस गेल से भिड़ गये थे। तब अंपायर विनीत कुलकर्णी ने पोलार्ड को चुप रहने की वॉर्निंग दे डाली थी, जिससे गुस्साकर वह लॉन्ग ऑफ पर अपने मुंह में टेप लगाकर मैदान पर आ गये थे। तब उनकी इस हरकत की काफी आलोचना हुई थी।
2013 में भी भिड़ चुके हैं गंभीर और कोहली
साल 2013 में आईपीएल के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के तत्कालीन कप्तान विराट कोहली और कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान रहे गौतम गंभीर के बीच मैदान पर जमकर बहस हुई थी। मामला यह था कि कोहली ने प्रदीप सांगवान की गेंद पर लगातार दो छक्के जड़ दिए और तीसरा छक्का लगाने के प्रयास में कोहली अपना विकेट गंवा बैठे। जिसके बाद केकेआर के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे। कोहली जब आउट होने के बाद पवेलियन लौट रहे थे, तभी गौतम गंभीर से उनकी कहासुनी हो गई। जिसके बाद अंपायर ने दोनों के बीच मामला शांत कराया। इस विवाद के कारण दोनों खिलाड़ियों पर लेवल 1 (भद्दी भाषा का इस्तेमाल और गलत इशारा) का आरोप लगाया गया था।
जब शाहरुख खान ने गार्ड को मारा थप्पड़
साल 2012 के आईपीएल सीजन के एक मैच के दौरान जब कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को हराया तब शाहरुख खान अपनी टीम को बधाई देने के लिए मैदान पर जाना चाहते थे। तभी वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से मना कर दिया। क्योंकि आरोप था कि शाहरुख खान बहुत ज्यादा नशे में थे। सुरक्षा कर्मियों के मना करने पर शाहरुख गुस्सा हो गए और उनसे अभद्रता करने लगे, गाली-गलौच की, फिर एक सुरक्षाकर्मी को थप्पड़ मार दिया। इसे लेकर कोलकाता नाइट राइडर्स के मालिक शाहरुख खान पर वानखेड़े स्टेडियम में जाने पर पांच सालों के लिए प्रतिबंध लगा दिया गया था।
श्रीसंत को हरभजन ने मारा थप्पड़
इंडियन प्रीमियर लीग के इतिहास के पहले सीजन हरभजन सिंह और एस श्रीसंत का विवाद आज भी लोगों के जेहन में ताजा है। मुंबई इंडियंस के खिलाड़ी हरभजन सिंह और किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाड़ी एस श्रीसंत के बीच कहा-सुनी हो गई थी। इस दौरान हरभजन सिंह ने मैदान पर ही सबके सामने श्रीसंत को जोर का तमाचा जड़ दिया था। जिसके बाद श्रीसंत की रोती हुई तस्वीरों और वीडियो ने दुनिया में खूब सुर्खियां बटोरी। इस घटना के बाद से हरभजन को 11 मैचों से बैन किया गया था। हालांकि, हरभजन सिंह कई बार इस गलती के लिए माफी मांग चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications