Threads: ट्विटर से टक्कर लेने मेटा ने लॉन्च किया थ्रेड्स, कमाई की तलाश में हैं प्लेटफॉर्म्स
Threads: इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा अपना एक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म लॉन्च करने जा रही है। मेटा का यह माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म थ्रेड्स के नाम से आएगा। मार्क जुकरबर्ग की कंपनी इसे ट्विटर के प्रतिद्वंदी प्लेटफॉर्म के तौर पर उतारने वाली है। यह प्लेटफॉर्म एप्पल ऐप स्टोर और गूगल प्ले स्टोर पर कई देशों में लिस्ट हो चुका है। गूगल और एप्पल स्टोर पर इस ऐप के बारे में जानकारी अनुसार, थ्रेड्स एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां कम्युनिटीज एक साथ आकर किसी भी टॉपिक पर चर्चा कर सकती हैं। आपको जिस विषय में रूचि है, आप उसे फॉलो कर सकते हैं और डायरेक्ट लोगों और पसंदीदा क्रिएटर्स से कनेक्ट कर सकेंगे, जो उसी विषय में रूचि रखते हैं। इस प्लेटफॉर्म पर आप अपने आइडियाज, ओपिनियन और क्रिएटिविटी को दुनिया के सामने रख सकते हैं और लॉयल फॉलोइंग बना सकते हैं।
थ्रेड्स के बारे में अब तक जितनी जानकारियां सामने आई हैं, उसके मुताबिक, यह माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म फिलहाल केवल कम्युनिटी बढ़ाने और टॉपिक पर चर्चा करने के लिए लाया जाएगा। बाद में इसमें जरूरत के हिसाब से बदलाव किये जायेंगे। इसके अलावा मार्क जुकरबर्ग इस प्लेटफॉर्म पर ऑर्गेनाइजेशन, सरकारी संस्थान, कंपनियों, कम्युनिटी और सेलिब्रिटीज को जोड़ना चाहते हैं, ताकि उन्हें ट्विटर का एक बेहतर विकल्प मिल सके।

क्यों पड़ी थ्रेड्स की जरूरत?
एलन मस्क ने पिछले साल अक्टूबर में ट्विटर का अधिग्रहण किया था। इसके बाद से इस माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म में कई तरह के बदलाव देखने को मिले हैं। एलन मस्क ने इसे एक नुकसान में जा रहे प्लेटफॉर्म से एक रेवेन्यू जेनरेशन कंपनी बनाने के लिए सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च किया है। इसके अलावा ज्यादा सब्सक्राइबर्स जोड़ने के लिए इसमें कई ऐसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं, जिसकी यूजर्स काफी लंबे समय से मांग कर रहे थे। एलन मस्क द्वारा ट्विटर को लेकर किए गए रिफॉर्म को देखते हुए मेटा समेत कई अन्य टेक्नोलॉजी कंपनियां इस तरह का प्लेटफॉर्म लाने की तैयारी में लग गई।
थ्रेड्स से पहले ट्विटर जैसे गिने-चुने ही माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म मौजूद थे, जिसपर लोग अपनी बात रख पा रहे हैं। इनमें से ज्यादार प्लेटफॉर्म्स केवल कुछ क्षेत्र में ही सीमित हैं। मार्क जुकरबर्ग लंबे समय से ट्विटर जैसा प्लेटफॉर्म लाना चाहते थे। इसके बारे में उन्होंने अपने कई ब्लॉग्स में संकेत भी दिए थे। कुछ समय पहले भी ट्विटर के बॉस एलन मस्क ने ट्वीट के जरिए मार्क जुकरबर्ग को एक चैलेंज दिया था, जिसके जबाब में जुकरबर्ग ने इंस्टाग्राम पर उनकी चुनौती स्वीकार की थी।
ट्विटर की कमाई में लगेगी सेंध?
माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म ट्विटर की लोकप्रियता ने कई टेक्नोलॉजी कंपनियों को एक ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार करने के लिए प्रेरित किया, जो लोगों को अपने विचार रखने की आजादी दे, साथ ही एक कमाई करने का जरिया बने। ट्विटर पर दुनिया के सभी बड़े ऑर्गेनाइजेशन, सरकारी संस्थानों, सेलिब्रिटीज के अकाउंट हैं और इसके जरिए कंपनियां और सरकारें बड़ी घोषणाएं करती हैं। इनके लिए ट्विटर अब एक जरूरत बन गया है। इन यूजर्स को टारगेट करने के लिए ही कंपनी ने सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च किया है।
अगर, यूजरबेस की बात करें तो ट्विटर पर ज्यादातर एलीट क्लास के यूजर्स हैं और यहां मौजूद यूजर्स फेसबुक या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स की तरह नहीं हैं। ट्विटर ने कुछ साल पहले लंबे ट्वीट्स के लिए थ्रेड्स फीचर रोल आउट किया था, जिसमें यूजर्स एक ट्वीट में बात पूरी न होने पर उसमें कई और ट्वीट्स जोड़ सकते हैं। फेसबुक की कंपनी मेटा भी एलीट क्लास के यूजर्स के लिए यह प्लेटफॉर्म लेकर आ रहा है। यह प्लेटफॉर्म ट्विटर की बढ़ती लोकप्रियता को कम कर सकता है।
आसान नहीं होगी राह
मेटा के अपकमिंग माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म थ्रेड्स के लिए लॉन्च के बाद लोकप्रियता पाने की राह आसान नहीं होगी। पहले से ही कई सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म मौजूद होने की वजह से यूजर्स शायद इसे न चुने लेकिन कंपनी फेसबुक और इंस्टाग्राम की लोकप्रियता का इस्तेमाल करके इस प्लेटफॉर्म में ज्यादा से ज्यादा यूजर्स जोड़ सकती है। दुनियाभर के ज्यादातर लोग विचारों यानी अभिव्यक्ति की आजादी में विश्वास रखते हैं। ऐसे में ट्विटर के अलावा एक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म यूजर को मिलेगा, जहां वे किसी भी मुद्दे पर अपने विचार रख सकेंगे। माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म के लोकप्रिय होने के बाद मेटा इसका इस्तेमाल फेसबुक और इंस्टाग्राम की तरह रेवेन्यू जेनरेशन के लिए कर सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications