Mandir Reels: बढ़ी हैं मंदिरों में शॉर्ट वीडियो एवं रील बनाने की घटनाएं, जानें कब कब हुआ विवाद
Mandir Reels: बीते दिनों उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में दो लड़कियों को रील बनाने से रोकने पर उन्होंने मंदिर की महिला सुरक्षा गार्डों की पिटाई कर दी। पलक और परी नाम की लड़कियों को मंदिर परिसर के अंदर इंस्टाग्राम रील रिकॉर्ड करने से रोके जाने पर उन्होंने गार्डों से भिड़ंत कर दी। इसके बाद दोनों के बीच हाथापाई हुई और लड़कियों ने महिला सुरक्षा गार्डों की पिटाई कर दी। पुलिस ने इस घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
लेकिन ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब किसी मंदिर के अंदर इंस्टाग्राम रील बनाने का प्रयास किया गया हो, पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी है जब मंदिरों के अंदर इंस्टाग्राम रील बनाने के प्रयास किए गए हैं और उन पर विवाद उठे हैं। आइए पिछले कुछ वर्षों में ऐसी ही कुछ घटनाओं के बारे में जानते हैं।

महिला पुलिसकर्मियों ने मंदिर में बनाई डांस रील
दिसंबर 2023 में बिहार के गया के महाबोधि मंदिर में दो महिला कांस्टेबलों को उनकी डांस रील का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद निलंबित कर दिया गया था। दोनों कांस्टेबल "ओ मेरी जान, अरे ओ मेरी जान..." गाने पर डांस रील बनाते समय वर्दी में थी, जो पुलिस विभाग के नियमों के खिलाफ है।
आपको बता दें कि महाबोधि मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मोबाइल फोन ले जाने की अनुमति नहीं है। हालांकि, सुरक्षाकर्मी अपने फोन को मंदिर के अंदर ले जा सकते हैं और इसी का फायदा दोनों महिला पुलिसकर्मियों ने उठाया।
केदारनाथ मंदिर के बाहर किया प्रपोज
जुलाई 2023 में केदारनाथ मंदिर में एक लड़की द्वारा अपने बॉयफ्रेंड को प्रपोज करने का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फ़ैल गया, जिससे ऑनलाइन बहस छिड़ गई। वीडियो में पीले रंग की साड़ी पहने सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर विशाखा फुलसुंगे मंदिर के बाहर एक घुटने पर बैठकर अंगूठी देकर अपने बॉयफ्रेंड को प्रपोज करती नजर आ रही थी। लड़का प्रपोजल स्वीकार कर लेता है, जिसके बाद दोनों गले मिलते हैं। इस घटना के बाद बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर कमेटी ने इस हरकत पर अपनी नाराजगी जताई थी।
केदारनाथ मंदिर के बाहर मांग में भरा सिंदूर
जुलाई 2023 में केदारनाथ मंदिर के बाहर एक व्यक्ति द्वारा महिला के माथे की मांग सिंदूर से भरने की एक इंस्टाग्राम रील बहुत वायरल हुई थी। वीडियो के कैप्शन में लिखा गया था, "मंडप में तो सभी मांग भरते हैं, तुम मेरी मांग केदारनाथ में भरना।" इस घटना के बाद संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने उस समय कहा था, "इस तरह की शॉर्ट वीडियो या रील बनाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। अगर कोई व्यक्ति मंदिर परिसर में रील बनाता हुआ पाया जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।"
काशी विश्वनाथ मंदिर के बाहर "हुआ छोकरा जवां" पर डांस
जून 2023 में वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर के सामने एक बहुत ही भद्दी डांस रील शूट की गई थी, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक युवक और युवती को "हुआ छोकरा जवां" गाने पर डांस करते हुए देखा गया था। हैरान करने वाली बात तो यह थी कि युवक और युवती को डांस करता देख बड़ी संख्या में भीड़ उनके आसपास इकट्ठी हो गई और सभी लोग उनके लिए तालियां बजा रहे थे। हालांकि, घटना के बाद बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्रों ने हरकत का विरोध किया था।
"भोला बाबा देदे नोट छापन की मशीन" पर किया डांस
जनवरी 2023 में इंस्टाग्राम इन्फ्लुएंसर तरुण नामदेव की मध्य प्रदेश के मंदसौर में पशुपतिनाथ मंदिर में एक डांस रील बहुत तेज़ी से वायरल हुई थी। दरअसल, तरुण ने पशुपतिनाथ मंदिर के अंदर "भोला बाबा देदे नोट छापन की मशीन" गाने पर डांस किया था। जब मामला थोड़ा गर्मा गया तब मंदिर प्रशासन ने तरुण को नोटिस दिया और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की धमकी दी। जिसके बाद तरुण ने अपनी रील के लिए माफ़ी मांगी और अपने इंस्टाग्राम पेज से रील को हटा दिया।
"मुन्नी बदनाम हुई" पर किया डांस
अक्टूबर 2022 में नेहा मिश्रा नाम की एक सोशल मीडिया इन्फ़्लुएंसर ने मध्य प्रदेश के छतरपुर में एक मंदिर में "मुन्नी बदनाम हुई" गाने पर डांस रील बनाकर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी। इस हरकत पर बजरंग दल के स्थानीय कार्यकर्ताओं ने कड़ी आपत्ति जताई थी। घटना के बाद राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने पुलिस को नेहा के खिलाफ़ एफ़आईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। आलोचना के बाद, नेहा ने रील हटा दी और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने के लिए माफ़ी मांगते हुए एक नया पोस्ट किया।
महाकालेश्वर मंदिर में बनाई रील
अक्टूबर 2022 में, मध्य प्रदेश के उज्जैन में महाकालेश्वर मंदिर में डांस रील बनाने वाली कुछ लड़कियों का वीडियो इंस्टाग्राम पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में एक लड़की मंदिर के गर्भगृह में जलाभिषेक करती हुई दिखाई दे रही है। इस दौरान अन्य लड़कियां मंदिर परिसर के आसपास बॉलीवुड गानों पर डांस कर रही है। तत्कालीन गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने उस समय पर घटना का संज्ञान लिया और मामले की जांच के आदेश दिए। आपको बता दें कि दिसंबर 2022 से महाकालेश्वर मंदिर में मोबाइल फोन प्रतिबंधित है।
एक बार फिर महाकाल मंदिर में शर्मनाक हरकत
अक्टूबर 2021 में उज्जैन के महाकाल मंदिर में फिल्मी गाने पर वीडियो बनाने वाली एक महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। दरअसल, महिला ने महाकाल मंदिर में फिल्मी गाने "रग रग में तू इस तरह समाने लगी" पर डांस का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। वीडियो पोस्ट करने के अगले दिन ही विरोध के बाद महिला ने धार्मिक भावना को आहत करने के लिए माफी मांग ली थी। लेकिन, उसी के अगले दिन मंदिर के पुजारियों द्वारा महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी।












Click it and Unblock the Notifications