Bollywood Controversies: जब शबाना आजमी, पद्मिनी कोल्हपुरे से लेकर शिल्पा शेट्टी के ‘किस’ पर मच गया था ‘हंगामा’
बॉलीवुड का विवादों से हमेशा नाता रहा है, चाहे वह ड्रग्स को लेकर हो या आत्महत्या के बढ़ते मामलों को लेकर। इसी तरह बॉलीवुड में किसिंग को लेकर भी कई बार विवाद पैदा हो चुका है।

Bollywood Controversies: हम में से कितनों को याद है कि मशहूर अभिनेत्री शबाना आजमी को अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला ने जब 'किस' किया तो भारत ही नहीं बल्कि दुनियाभर में हंगामा मच गया था। आज हम आपको बॉलीवुड के कुछ ऐसे 'किस' किस्से बताएंगे, जिससे भारत ही नहीं दुनियाभर में उस 'किस' का असर दिखाई दिया।
वैसे भारतीय फिल्मों में किसिंग की बात करें तो सबसे पहले साल 1921 में एक बांग्ला फिल्म 'बेलाती फेराट' में पहली बार चुम्बन के सीन को फिल्माया गया था। इसके बाद 1933 में हिमांशु राय और देविका रानी ने करमा फिल्म में तकरीबन चार मिनट लंबा किस सीन दिया था। इन फिल्मों में अब तक का सबसे लंबा किसिंग सीन था। तब फिल्मों पर सेंसर बोर्ड की कैंची नहीं चलती थी।
इसके बाद धीरे-धीरे फिल्मों में किसिंग सीन गायब हो गये और 90 के दशक से किसिंग सीन का दौर 'प्रेम प्रतिज्ञा', 'राजा हिंदुस्तानी' जैसी फिल्मों से फिर लौटा और आज के संदर्भ की बात करें तो ओटीटी प्लेटफॉर्म के आने के बाद से किसिंग सीन के बिना कोई फिल्म या सीरीज बन ही नहीं रही है।
जब नेल्सन मंडेला ने शबाना आजमी को किया 'किस'
बात साल 1993 की है जब दक्षिण अफ्रीका के केपटाउन सिटी में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया था। तब वहां नेल्सन मंडेला और अभिनेत्री शबाना आजमी पहुंची थी। मुलाकात के दौरान नेल्सन मंडेला ने शबाना आजमी के गाल पर 'किस' कर दिया था। इसके बाद दोनों के किसिंग सीन की तस्वीरें उस समय के अखबारों की सुर्खियां बन गयी। यही नही, शबाना आजमी को कट्टर मुसलमानों का भी विरोध झेलना पड़ा। उनका कहना था कि शबाना की इस हरकत ने पूरे मुस्लिम समुदाय को शर्मिंदा किया है। हालांकि, शबाना आजमी ने इस विवाद को ज्यादा तरजीह नहीं दी। इसके बावजूद हंगामा जबरदस्त हुआ था।
पद्मिनी कोल्हापुरे ने बिना डरे प्रिंस चार्ल्स को किया किस
साल 1980 में ब्रिटेन के प्रिंस चार्ल्स भारत दौरे के लिए आये थे। तब प्रिंस चार्ल्स के लिए भारत सरकार की ओर से सिक्योरिटी दी गई थी। इस दौरान चार्ल्स ने मुंबई में फिल्मों के सेट पर जाने की इच्छा जताई थी, जिसके बाद उन्हें पद्मिनी कोल्हापुरे की फिल्म के सेट पर ले जाया गया। फिल्म के सेट पर प्रिंस चार्ल्स का पद्मिनी कोल्हापुरे ने माला पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद अभिनेत्री ने अचानक ही आगे बढ़कर उनके गाल पर किस कर दिया था। इस घटना से खुद प्रिंस चार्ल्स और वहां मौजूद सभी लोग हैरान रह गये थे। पद्मिनी और प्रिंस चार्ल्स के बीच हुआ यह किस का किस्सा उन दिनों विवाद बन गया था और इसकी चर्चा भारत के साथ ब्रिटेन में भी खूब हुई थी।
महेश भट्ट ने पूजा भट्ट को किया 'लिप टू लिप किस'
बात साल 1992 की है और पूजा भट्ट एक फेमस अभिनेत्री बन गयी थी। उसी दौरान पूजा भट्ट का उनके पिता महेश भट्ट के साथ 'लिप टू लिप किस' वाला एक फोटो वायरल हो गया। दरअसल, स्टारडम मैग्जीन के लिए यह बोल्ड फोटोशूट करवाया गया था। तस्वीरों में पूजा भट्ट अपने पिता महेश भट्ट की गोद में बैठी हैं और महेश भट्ट उन्हें 'किस' कर रहे हैं। इस तस्वीर से खूब बवाल मचाया था। फोटो को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि महेश भट्ट को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसे लेकर स्पष्टीकरण देना पड़ा। गौरतलब है कि महेश भट्ट ने प्रेस कॉफ्रेंस में भी आग में घी डालने वाला बयान दे दिया था। दरअसल, उन्होंने कहा कि पूजा यदि मेरी बेटी नहीं होती तो मैं उससे शादी कर लेता। इस बयान ने और ज्यादा तहलका मचा दिया था।
रिचर्ड गियर और शिल्पा शेट्टी का किस
ये बात साल 2007 की है। जब दिल्ली में एड्स जागरुकता अभियान के दौरान हॉलीवुड एक्टर रिचर्ड गियर ने स्टेज पर अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी के गालों पर अचानक से सबके सामने ही किस कर दिया था। इस वजह से वहां मौजूद कई लोग नाराज हो गए थे। इस मामले में उन पर अश्लीलता फैलाने का आरोप भी लगा था। इसलिये राजस्थान में दोनों के खिलाफ पुलिस ने एक मामला दर्ज किया था। बाद में रिचर्ड ने माफी भी मांगी थी। वहीं 15 साल बाद जनवरी 2022 में इस मामले से कोर्ट ने शिल्पा शेट्टी को भी राहत दे दी।
क्रिस्टियानो रोनाल्डो और बिपाशा बसु का किस
यह मामला भी साल 2007 का है। जब अभिनेत्री बिपाशा बसु और फुटबॉल के मशहूर खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो के किसिंग सीन की एक तस्वीर लोगों के सामने आई थी। इस तस्वीर में बिपाशा और रोनाल्डो दोनों एक-दूसरे को किस कर रहे थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यह तस्वीर किसी पार्टी में खींची गई थी। इस तस्वीर पर भी खूब हंगामा हुआ था। हालांकि बिपाशा ने हंगामा करने वाले लोगों को उतना महत्व नहीं दिया और मामला शांत हो गया।
यह भी पढ़ें: Suicides in Bollywood: किन कारणों के चलते आपके चहेते कलाकार दे रहे हैं अपनी जान?












Click it and Unblock the Notifications