Get Updates
Get notified of breaking news, exclusive insights, and must-see stories!

Foxconn in India: आईफोन बनाने वाली फॉक्सकॉन अब चीन से निकलकर भारत में लगा रही प्लांट

दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रॉनिक सामान निर्माता कंपनी फॉक्सकॉन तीन भारतीय राज्यों में अपने प्लांट्स लगाने जा रही है।

Apple supplier Foxconn setup plant in india Foxconn moving out of China

Foxconn in India: ताइवान की चिप व स्मार्टफोन बनाने वाली कंपनी फॉक्सकॉन (Foxconn) कर्नाटक और तेलंगाना में अपने प्लांट्स लगाने जा रही है। कर्नाटक में नया प्लांट राजधानी बेंगलुरू के हवाईअड्डे के पास 300 एकड़ में बनाया जाएगा। यहां फॉक्सकॉन होन हाई टेक्नोलॉजी इंडिया मेगा डेवलपमेंट प्राइवेट लिमिटेड (एफएचएच) राज्य में $967.91 मिलियन का निवेश करेगी। साथ ही कंपनी तेलंगाना में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेटअप लगाएगी। जबकि पिछले साल खबर आई थी कि कंपनी वेदांता के साथ जॉइंट वेंचर में गुजरात में निवेश करने जा रही है।

फॉक्सकॉन कंपनी के बारे में

फॉक्सकॉन कई मशहूर ब्रांड जैसे एप्पल, सैमसंग, सोनी, डेल, आईबीएम, इंटेल और एचपी समेत विभिन्न कंपनियों के लिए लैपटॉप, टेबलेट्स, स्मार्टफोन और चिप का निर्माण करती है। फिलहाल यह दुनिया की सबसे बड़ी इलेक्ट्रोनिक निर्माता और सर्विस प्रोवाइडर कंपनी है। फॉक्सकॉन की इकाई कंपनियां अमेरिका, कनाडा और जापान समेत अन्य देशों की कंपनियों के साथ मिलकर इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बनाती हैं। इसकी स्थापना साल 1974 में ताइवान में टेरी गो ने की थी।

'एशिया फंड मैनेजर' के मुताबिक फॉक्सकॉन का सबसे बड़ा ग्राहक एप्पल है। कंपनी के राजस्व का लगभग 50 प्रतिशत आईफोन, आईपैड और मैकबुक के निर्माण से आता है। दुनियाभर में लगभग 70 प्रतिशत आईफोन अकेले फॉक्सकॉन द्वारा बनाए जाते हैं। साल 2021 में कंपनी का सालाना राजस्व $175 बिलियन था। वहीं 2022 में फॉर्च्यून ग्लोबल 500 में कंपनी को 20वीं रैंकिंग मिली। मार्केट कैप के मामले में यह दुनिया की 312वीं सबसे मूल्यवान कंपनी है।

चीन से क्यों निकल रही है फॉक्सकॉन?

चीन के झेंग्झौ शहर में फॉक्‍सकॉन की सबसे बड़ी फैक्‍ट्री है। इस शहर को आईफोन सिटी के नाम से भी जाना जाता है। यहां करीब 2 लाख से ज्‍यादा कर्मचारी काम करते थे। पिछले कुछ सालों में चीन की जीरो कोविड पॉलिसी को लेकर फैक्ट्री में उत्पादन लंबे समय से ठप्प पड़ा हुआ है।

इसके बाद कंपनी ने 2022 के नवंबर और दिसंबर महीनों में 20 हजार से ज्यादा कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखा दिया। हालांकि, कंपनी ने कभी भी स्पष्ट आंकड़ा जारी नहीं किया कि कितनों को निकाला गया है?

बीते साल कोविड जीरो पॉलिसी के तहत चीनी अथॉरिटीज ने फॉक्सकॉन की प्रमख फैक्ट्री को बंद भी करा दिया था। इस कारण उत्पादन में 30 प्रतिशत कमी की बात कही गयी। इस मैन्युफैक्चरिंग हब में आईफोन प्रो मॉडल्स को तैयार किया जाता है। रिपोर्ट के मुताबिक फॉक्सकॉन अब धीरे-धीरे चीन से अपने छोटे-छोटे ब्रांच (कंपनी) को बंद कर रही है। साथ ही झेंग्झौ शहर से भी कंपनी को समेटना शुरू कर चुकी है। अब इस कंपनी ने भारत की तरफ रूख किया है।

चीनी सड़कों पर उतरे कर्मचारी

चीन की कोविड पॉलिसी को लेकर अक्टूबर 2022 में फॉक्सकॉन में अफवाह फैली कि वहां के निवासियों को 'गिनी पिग' की तरह इस्तेमाल किया जायेगा। कर्मचारियों को डर था कि चीनी सरकार उनका इस्तेमाल यह देखने के लिए कर सकती है कि अगर कोविड को बिना रोके फैलने दिया जाता है तो क्या होगा?

इस अफवाह से तहलका मच गया और फॉक्सकॉन के कर्मचारी सड़कों पर उतर आये। कुछ के लिए यह डर गुस्से में तब्दील हो चुका था। भारी संख्या में लोग इकट्ठा हो गये। भीड़ ने मास्क उतार फेंके और आजादी एवं बंदिशों के खात्मे की मांग करने लगे। इस दौरान चीनी सुरक्षाबलों के साथ उनकी झड़पें भी हुई।

भारत-ताइवान के बीच ट्रेड

ताइवान लंबे समय से भारत के साथ सीधे व्‍यापार करना चाहता है। साल 2020 के बाद से इस दिशा में वह अधिक प्रयासरत है। मगर चीन की वन-चाइना पॉलिसी इसमें एक बड़ी रूकावट थी। हालांकि, अब चीन के साथ बढ़े तनाव के बीच मोदी सरकार और ताइवान दोनों की नीतियां भी बदलती दिख रही हैं।

इस बात को एक उदाहरण से समझा जा सकता है। दरअसल, साल 2020 में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता झाओ लिजियान ने कहा कि वन-चाइना पॉलिसी पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय में आम सहमति है, जिसमें भारत भी शामिल है। यही पॉलिसी चीन के किसी भी दूसरे देश के साथ संबंध विकसित करने के लिए राजनीतिक बुनियाद का भी काम करती है।

उसी दौरान भारत में मौजूद चीनी दूतावास ने भारतीय मीडिया को सलाह दी थी कि वे ताइवान के नेशनल डे पर बधाई न दें। इस पर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि भारतीय मीडिया कोई भी उचित खबर छापने के लिए स्वतंत्र है।

इससे पहले, 2020 में भारत सरकार ने पीएलआई स्कीम (PLI Scheme) लॉन्च की थी। इस स्कीम के तहत विदेशी कंपनियों को मौका मिलता है कि वह स्थानीय मैन्युफैक्चरिंग का फायदा उठा सकें और उस पर इन्सेंटिव भी कमा सकें। इसी के तहत फॉक्सकॉन ने वेदांता के साथ मिलकर महाराष्ट्र में एक प्लांट लगाने का करार किया। अब यह संयुक्त उपक्रम गुजरात में लगेगा।

भारत में फॉक्सकॉन का निवेश

सबसे पहले बात कर्नाटक के लिए फॉक्सकॉन के इंवेस्टमेंट प्लान की करते हैं। जहां फॉक्सकॉन और सरकार के समझौते के तहत कर्नाटक में 10 साल की अवधि में 50 हजार से अधिक लोगों को नौकरियां दी जाएंगी। वहीं 300 एकड़ में एक नयी फैक्ट्री में एप्पल फोन बनाये जायेंगे। इसके लिए कंपनी की ओर से $967.91 मिलियन का निवेश किया जाएगा।

वहीं तेलंगाना में भी फॉक्सकॉन बड़ा निवेश करने जा रही है। इसके तहत फॉक्सकॉन ने इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग सेटअप लगाने को लेकर तेलंगाना सरकार के साथ एक समझौता किया है। तेलंगाना के सीएम के चंद्रशेखर राव ने कहा कि फॉक्सकॉन का बड़ा निवेश और तेलंगाना में 1 लाख से अधिक नौकरियां सृजित करने का अवसर सराहनीय है।

रायटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक फॉक्सकॉन को एप्पल से एयरपॉड्स बनाने का ऑर्डर मिला है। इसमें $200 मिलियन के निवेश की संभावना है। फॉक्सकॉन इसी योजना के तहत तेलंगाना में कारखाना स्थापित करेगा। जिसका निर्माण 2023 के अंत तक शुरू हो जाएगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि एयरपॉड्स सुविधा फॉक्सकॉन की शाखा, फॉक्सकॉन इंटरकनेक्ट टेक्नोलॉजी द्वारा स्थापित किए जाने की उम्मीद है। तेलंगाना सरकार ने रंगारेड्डी जिले में 200 एकड़ साइट उपलब्ध करवा सकती है।

इसी बीच गुजरात में भी फॉक्सकॉन आने वाले समय में वेदांता कंपनी के साथ मिलकर एक बड़ा प्लांट लगाने जा रही है। यह भारत में पहला सेमीकंडक्टर बनाने वाला प्लांट होगा। दरअसल वेदांता और फॉक्सकॉन दोनों ने सितंबर 2022 में गुजरात सरकार के साथ 1,54,000 करोड़ रुपये के निवेश के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए, जो देश की पहली सेमीकंडक्टर निर्माण सुविधा स्थापित करने के लिए स्वतंत्र भारत का अब तक का सबसे बड़ा कॉरपोरेट निवेश है। यह प्लांट गुजरात के अहमदाबाद जिले के धोलेरा में लगाया जाएगा। इससे राज्य के 2 लाख लोगों को नौकरियों के अवसर मिलेंगे।

यह भी पढ़ेंः Space Debris: अंतरिक्ष का 'कचरा', धरती के लिए बन गया है बड़ा खतरा

More From
Prev
Next
Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+