Akshaya Tritiya: कौन है डॉ. कृति, जिन्होंने आखातीज पर बाल-विवाहों के खिलाफ छेड़ रखी है मुहिम
राजस्थान की डॉ. कृति भारती ने 49 जोड़ों के बाल-विवाह निरस्त कराए हैं तो 1700 से अधिक बाल विवाह रुकवाए भी हैं। उनका नाम प्रेरणादायी महिलाओं और टॉप एक्टिविस्ट में शामिल है।

Akshaya Tritiya: सारथी ट्रस्ट की डॉ. कृति भारती ने बीते कई सालों में 49 जोड़ों के बाल-विवाह निरस्त कराने के अलावा 1,700 से अधिक बाल-विवाह रुकवाए हैं। जानलेवा हमलों और धमकियों के बाद भी वह अपनी इस साहसिक मुहिम पर अडिग है। बीबीसी हिंदी की 100 प्रेरणादायी महिलाओं और वर्ल्ड टॉप 10 एक्टिविस्ट में शुमार डॉ. कृति भारती ने अनूठी साहसिक मुहिम पर चलकर साल 2012 में पहला बाल विवाह निरस्त करवाया था।
खुद के बचपन में किया था संघर्ष का सामना
हौंसलों की उड़नपरी नाम से मशहूर डॉ. कृति का बचपन संघर्षों से गुजरा। डॉक्टर पिता ने मां-बेटी का परित्याग कर दिया था। चौथी कक्षा में अध्ययन के दौरान किसी ने डॉ. कृति को कोई धीमा जहर खिला दिया। जिससे उसके हाथ पैर लाचार हो गए। कई बड़े अस्पतालों में इलाज करवाया। लेकिन इलाज बेअसर ही रहा। बाद में भीलवाड़ा में गुरू ब्रह्मानंद की रैकी चिकित्सा से ठीक हुई। करीब 12 साल की उम्र में दुबारा से चलना सीखा। इसके अलावा भी कई संघर्ष झेले। खुद की जिंदगी 360 डिग्री तक बदली। वह पहले खुद विक्टिम थीं। फिर सर्वाइवर से सेवियर तक का सफर पार कर कई कीर्तिमान रचे।
फिर बन गई भारत की बेटी भारती
कृति 12 साल की उम्र में खुद का सरनेम बदलकर भारती यानी भारत की बेटी बन गयी। बचपन की तकलीफों को पार कर उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में भी लगातार उच्च अंकों के साथ उत्तीर्ण होकर मनोविज्ञान में पीएचडी और पीडीएफ, कानूनी उपाधियों के साथ ही बाल संरक्षण में कई उपाधियां अपने नाम की।
बाल विवाह मुक्ति की बनी सारथी
वर्ष 2011-12 में डॉ. कृति ने जोधपुर में सारथी ट्रस्ट की स्थापना की। जिसके माध्यम से साल 2012 में पहला बाल विवाह निरस्त करवाया। डॉ. कृति भारती का नाम लिम्का बुक ऑफ रिकार्ड्स और वर्ल्ड रिकार्ड्स इंडिया सहित सात अलग अलग रिकार्ड्स में शामिल किया गया है। इनकी बाल विवाह निरस्त की मुहिम को सीबीएसई (CBSE) पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया था। वहीं इन्होंने 25,000 से अधिक ग्रामीणों व विद्यार्थियों को बाल-विवाह निरस्त व रोकथाम की शपथ दिलवाई है। कृति ने अब तक करीब 15500 बच्चों व महिलाओं को पुनर्वासित भी किया है।
आखातीज पर किया था सुप्रथा का आगाज
सदियों से आखातीज को विवाह के लिए अबूझ सावा यानी स्थाई मुहूर्त माना जाता है। इस दिन हिंदू कैलेंडर में किसी भी शुभ काम के लिए कोई मुहूर्त निकलने की जरुरत नहीं होती। इसी अबूझ सावे के चलते शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में आखातीज पर विवाहों के बीच बाल विवाहों की भी भरमार रहती थी। आखातीज के पावन पर्व पर बाल विवाह की कुप्रथा के कलंक को मिटाने के लिए बाल विवाह निरस्त की अनूठी सुप्रथा का डॉ. कृति भारती ने आगाज किया।
इस अनूठी सुप्रथा में डॉ. कृति नियमित तौर पर आखातीज पर मासूमों को बाल विवाह की बेड़ियों से मुक्ति के लिए बाल विवाह निरस्त करवा कर संदेश देती है और आखातीज पर भी विशेष तौर पर बाल विवाह निरस्त करवाने की अनूठी मुहिम चला रखी है।
अब तक सात रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज
डॉ. कृति भारती ने आखातीज के मौके पर ही वर्ष 2012 में पहला बाल विवाह निरस्त करवाकर ऐतिहासिक रिकॉर्ड बनाया था। उन्होंने वर्ष 2015 में तीन दिन की न्यायिक प्रक्रिया से ही दो जोड़ों के बाल विवाह निरस्त करवाने का भी रिकॉर्ड कायम किया था। जिसे वर्ल्ड रिकॉर्ड इंडिया, यूनिक वर्ल्ड रिकॉर्ड, इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दर्ज किया जा चुका है। रिकॉर्ड के प्रमाण पत्र से चीफ जस्टिस ऑफ राजस्थान ने डॉ. कृति व पारिवारिक न्यायालय के न्यायाधीश को सम्मान से नवाजा था। आखातीज पर बाल विवाह निरस्त की हैट्रिक के लिए लिम्का रिकॉर्ड 2022 और वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया में भी वर्ष 2019 में नाम दर्ज हो चुका है।
वर्ल्ड की टॉप एक्टिविस्ट और कई उपलब्धियां
डॉ. कृति भारती को मुक्ति दाता छोरी टाइटल से नवाजा जा चुका है। यूएसए की टेफ्ड मैग्जीन की ओर से वर्ल्ड टॉप टेन एक्टिविस्ट और बीबीसी हिंदी द्वारा 100 प्रेरणादायी महिलाओं की सूची में शामिल किया जा चुका है। हाल ही जेनेवा में ग्लोबल यूथ ह्यूमन राइट्स चैंपियन अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। दिल्ली बाल आयोग ने चिल्ड्रन चैंपियन अवॉर्ड प्रदान किया। डॉ. कृति नियमित रूप से सिविल सेवा के प्रशिक्षुओं को मसूरी के लबासना सेंटर पर ट्रेनिंग देती है।
डॉ. कृति भारती की साहसिक मुहिम के लिए अंतरराष्ट्रीय लिवाइस जींस ब्रांड ने आई शेप माय वर्ल्ड कैंपेन में स्पेशल फीचर वीडियो लॉन्च किया। अमेरिका की चॉकलेट कंपनी हर्शी ने डॉ. कृति की फ़ोटो व साहसिक मुहिम की चॉकलेट कवर पर चित्रित किया था। वहीं विद्या बालन अभिनीत शेरनी मूवी की लॉन्चिंग में डॉ. कृति को रियल शेरनी ऑफ इंडिया का टाइटल दिया गया। कलर्स चैनल के चर्चित शो बालिका वधु के सोशल मीडिया प्रमोशन में भी डॉ. कृति के बाल विवाह निरस्त की मुहिम को प्रसारित किया गया था।
अंतरराष्ट्रीय संगठन गर्ल्स नॉट ब्राइड की ओर से चेंज मेकर सम्मान, लंदन में भी उन्हें सम्मान मिल चुका है। बॉलीवुड से भी प्रियंका चोपड़ा, काजोल, विवेक ओबेरॉय आदि ने उन्हें सम्मानित किया है। द कश्मीर फाइल्स के निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और अभिनेत्री पल्लवी जोशी ने भी डॉ. कृति भारती पर भारत की बात में स्पेशल एपिसोड किया था। इसके अलावा ग्लोबल अवॉर्ड, मारवाड़ रत्न, मेवाड़ रत्न सहित कई राष्ट्रीय सम्मानों से उन्हें नवाजा जा चुका है।
यह भी पढ़ें: Akshaya Tritiya 2023: अक्षय तृतीया से जुड़ा है अभिषेक-ऐश्वर्या के जीवन का गहरा राज, जानिए क्या है वो?












Click it and Unblock the Notifications