High Currency Notes: भारत में 2000 के नोट बंद, जाने किन देशों में छपते है बड़े मूल्यों के नोट?
चीन और कनाडा सहित कई ऐसे देश हैं जहां बड़ी करेंसी का इस्तेमाल नहीं होता। जबकि जापान, स्विट्जरलैंड, इंडोनेशिया सहित कई देश हैं जहां 1000 और 2000 मूल्यवर्ग और उससे ऊपर के बड़े नोटों का आज भी इस्तेमाल होता है।

High Currency Notes: अमेरिका में फिलहाल 1, 5, 10, 20, 50, 100 मूल्यवर्ग की करेंसी प्रचलन में है। हालांकि, कुछ सालों पहले तक वहां भी 500, 1000, 5000, 10000 मूल्यवर्ग के बड़े डॉलर छपते थे लेकिन बाद में उन्हें बंद कर दिया गया। वैसे यह नोट अभी भी लीगल टेंडर माने जाते है। वहीं, दुनिया का सबसे ज्यादा मूल्यवर्ग का बैंक नोट रिजर्व बैंक ऑफ जिम्बाब्वे के ट्रेजरी डिपार्टमेंट द्वारा जारी किया गया था। वह एक सौ ट्रिलियन जिम्बाब्वे डॉलर का नोट था। हालांकि, जब उसकी अर्थव्यवस्था चरमरा गयी तब इस नोट की कीमत मात्र 0.50 अमेरिकी डॉलर रह गई थी।
हाल ही में भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने ₹2000 मूल्यवर्ग के बैंक नोटों को संचालन से वापस लेने का निर्णय लिया। हालांकि यह ₹2000 के नोट अब भी कानूनी रूप से स्वीकार्य रहेंगे। देशवासी 30 सितंबर 2023 तक इन नोटों को एक्सचेंज कर सकते हैं या अपने बैंक खातों में जमा करा सकते है। फिलहाल दुनिया में लगभग 30 ऐसे देश हैं जो उच्च मूल्यवर्ग की करेंसी का इस्तेमाल करते हैं। इनमें सिंगापुर, ब्रूनेई, मालदीव, मकाऊ, हांगकांग, नॉर्वे, स्वीडन, डेनमार्क, हंगरी, चेक रिपब्लिक, यूक्रेन, कजाकिस्तान, मैक्सिको और अर्जेंटीना शामिल हैं। आइए जानते हैं किन प्रमुख देशों में आज भी बड़े नोट छपते हैं?
जापान
बैंक ऑफ जापान, जापान का केंद्रीय बैंक है। यह जापानी येन (जेपीवाई) करेंसी जारी करने और वितरित करने के लिए उत्तरदायी है। जापान का सर्वाधिक मूल्यवर्ग का बैंक नोट 10,000 येन का है। इसके अलावा वर्तमान में जापान में 1, 5, 10, 50, 100 और 500 येन के सिक्के और 1,000, 2,000, 5,000 येन के नोट संचालन में है।
इंडोनेशिया
इंडोनेशिया भी बड़े मूल्यवर्ग के बैंक नोट छापता है। बैंक इंडोनेशिया विभिन्न मूल्यवर्गों में इंडोनेशियाई रुपिया (आईडीआर) नोट जारी करता है। इस देश का सबसे उच्चतम मूल्यवर्ग का बैंकनोट 100000 आईडीआर का है। इसके अलावा वर्तमान इंडोनेशिया में 50, 100, 200, 500 और 1000 आईडीआर के सिक्के और 1000, 2000, 5000, 10000, 20000, 50000 आईडीआर मूल्यवर्ग के नोट संचालन में है।
दक्षिण कोरिया
दक्षिण कोरिया में बैंक ऑफ कोरिया बैंक करेंसी छापने और संचालित करने का काम करता है। यहां उच्चतम मूल्यवर्ग का नोट 50000 कोरियाई वोन (केआरडबल्यू) का है। इसके अलावा वर्तमान में दक्षिण कोरिया में 10, 50, 100, 500 सिक्के और 1000, 2000, 5000, 10000, 50000 केआरडबल्यू के नोट संचालन में है।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई)
संयुक्त अरब अमीरात की राष्ट्रीय मुद्रा दिरहम (एईडी) है। यहां उच्चतम मूल्यवर्ग का बैंकनोट 1000 दिरहम है। इसके अलावा, वर्तमान में यूएई में 1, 5, 10, 20, 50, 100, 200, 500 दिरहम मूल्यवर्ग के नोट और 1 दिरहम मूल्यवर्ग का सिक्का संचालन में है।
रूस
रूस का केंद्रीय बैंक रूसी रूबल (आरयूबी) नोटों को छापता है। उनमें से सबसे बड़े मूल्यवर्ग का नोट 5000 आरयूबी का है। 5000 आरयूबी नोट के अलावा, रूसी सेंट्रल बैंक 2000, 1000, 500, 200, 100, 50, 10, 5 आरयूबी मूल्यवर्ग के बैंक नोट भी प्रिंट करता है। रूसी केंद्रीय बैंक 1, 2, 5, 10, 25 आरयूबी मूल्यवर्ग के सिक्कों का संचालन भी करता है।
ईरान
सेंट्रल बैंक ऑफ द इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ईरानी रियाल (आईआरआर) छापता है। इस देश में सबसे अधिक मूल्यवर्ग का नोट 2000000 रियाल का है। इसके बाद 1000000 रियाल का भी नोट संचालन में है। इन नोटों के अलावा ईरान में इस्तेमाल किए जाने वाले नोटों में 1000, 2000, 5000, 10000, 20000, 50000, 100000, 500000 रियाल शामिल हैं। इसके अलावा, ईरान में 1000, 2000, 5000 रियाल के सिक्के भी प्रचलन में हैं।
हंगरी
हंगरी में भी बड़े मूल्यवर्ग के बैंक नोट छापे जाते हैं। हंगेरियन फोरिंट (एचयूएफ) यहां की आधिकारिक मुद्रा है और नेशनल बैंक ऑफ हंगरी इसे जारी करता है। हंगरी में सबसे बड़ा मूल्यवर्ग का बैंकनोट 20,000 फोरिंट का है। इसके अलावा वर्तमान में हंगरी में 500, 1000, 2000, 5000, 10,000 फोरिंट मूल्यवर्ग के बैंकनोट और 5, 10, 20, 50, 100, 200 फोरिंट के सिक्के प्रचलन में है।
सिंगापुर
सिंगापुर में भी कई बड़े मूल्यवर्ग के बैंक नोट छपते है। सिंगापुर का केंद्रीय बैंक कई उच्च मूल्य वाली करेंसी सिंगापुर डॉलर जारी करता है। उनमें से सबसे ज्यादा मूल्यवर्ग का 10000 एसजीडी का नोट है। इस एसजीडी के अलावा, सिंगापुर में 1000, 500, 100, 50, 25, 20, 10, 5, 2, 1 मूल्यवर्ग के नोट भी चलते है।












Click it and Unblock the Notifications