JEE Main में 43 छात्रों का 100 एनटीए स्कोर, जानें जेईई मैन के रोचक तथ्य
एनटीए ने जेईई (मैन) 2023 का रिजल्ट घोषित किया है। बी.ई/बी.टेक (पेपर 1) में जेईई (मैन) परीक्षा में 43 उम्मीदवारों ने 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किया है। वहीं वर्ष 2022 में 24 छात्रों ने 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किया था।

जॉइंट एंट्रेंस एग्जामिनेशन (जेईई) भारत के विभिन्न इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा है। इसमें दो परीक्षाएं शामिल होती हैं - जेईई-मैन और जेईई-एडवांस्ड। जेईई मैन को 2002 में अखिल भारतीय इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा (एआईईई) के नाम से शुरू किया गया था। 2013 में एआईईई का नाम बदलकर जेईई मैन कर दिया गया था। 2018 तक, जेईई-मैन परीक्षा केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) द्वारा आयोजित की जाती थी। लेकिन 2018 के बाद से, यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित की जाती है।
जेईई मैन का परिचय
जेईई मैन परीक्षा दो सत्रों में आयोजित की जाती है। पहला सत्र, जनवरी में और दूसरा सत्र, अप्रैल में होता है। अभियार्थी एक या दोनों सत्रों में उपस्थित हो सकते हैं, और उनके सर्वश्रेष्ठ स्कोर को मेरिट सूची/रैंकिंग के लिए माना जाता है। जेईई मैन परीक्षा में दो पेपर होते हैं। पेपर 1, अंडरग्रेजुएट इंजीनियरिंग प्रोग्राम (बी.ई/बी.टेक) में प्रवेश के लिए होता है। पेपर 2, बी.आर्क और बी.प्लानिंग कोर्स में दाखिले के लिए होता है।
जेईई मैन क्लियर करने से कहां मिलता है दाखिला?
जेईई मैन क्लियर करके जिन शैक्षणिक संस्थाओं में दाखिला मिल सकता है उनमें भारत के 31 राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), 25 भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईआईटी) और 28 केंद्रीय वित्तपोषित तकनीकी संस्थान (सीएफटीआई) शामिल हैं। इनके अलावा, कई राज्य और निजी कॉलेज भी प्रवेश के लिए जेईई मैन के स्कोर को स्वीकार करते हैं। जेईई मैन स्कोर स्वीकार करने वाले भारत के कुछ शीर्ष इंजीनियरिंग कॉलेजों में एनआईटी जालंधर, आईआईईएसटी शिबपुर, आदि शामिल हैं।
हर साल कितने परीक्षार्थी देते हैं जेईई मैन?
हर साल जेईई मैन परीक्षा में बैठने वाले छात्रों की संख्या अलग-अलग होती है। ताजा अपडेट के अनुसार, जेईई मैन 2023 के दोनों सत्रों में उपस्थित होने वाले छात्रों की कुल संख्या 11,13,325 थी। जेईई मैन परीक्षा 2023 सत्र 2 के लिए पंजीकृत उम्मीदवारों की कुल संख्या 9,31,334 थी, जिनमें से 8,83,367 परीक्षा के लिए उपस्थित हुए। इसके अलावा, जेईई मैन परीक्षा 2023 सत्र एक की परीक्षा के लिए कुल 8.6 लाख छात्रों ने आवेदन किया था, जिसमें से 8.22 लाख उम्मीदवार इसके लिए उपस्थित हुए थे।
जेईई मैन से कितने छात्र पहुंच पाते हैं जेईई एडवांस्ड तक?
जेईई एडवांस्ड के लिए आवेदन करने के लिए परीक्षार्थी को जेईई मैन पास करना होता है। 2020 में, जेईई एडवांस्ड के पेपर 1 और 2 दोनों में कुल 1,50,838 उम्मीदवार उपस्थित हुए, जिनमें से केवल 43,204 उम्मीदवार ही जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई कर पाए। 2022 में जेईई मैन क्लियर करने वाले 2.6 लाख छात्रों में से 1.5 लाख छात्रों ने जेईई एडवांस के लिए पंजीकरण कराया। जेईई मैन पास करने वाले और जेईई एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई करने वाले उम्मीदवारों की संख्या परीक्षा के कठिनाई स्तर और आईआईटी में उपलब्ध सीटों की संख्या पर निर्भर करती है।
कितनी भाषाओं में दी जा सकती है जेईई मैन परीक्षा?
जेईई मैन परीक्षा 13 भाषाओं में होती है। इसमें अंग्रेजी, असमिया, बंगाली, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू शामिल हैं। यह बदलाव जेईई मैन परीक्षा 2021 से लागू हुआ। क्षेत्रीय भाषाओं में पढ़ने वाले छात्रों की मदद के लिए कई भाषाओं में परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
क्या विदेशी छात्र भी दे सकते हैं जेईई मैन परीक्षा?
विदेशी छात्र भी जेईई मैन परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। विदेशी छात्रों के लिए पात्रता मानदंड भारतीय नागरिकों के जैसा ही है। विदेशी नागरिक जेईई मैन में शामिल होकर पूरे भारत के तमाम इंजीनियरिंग कॉलेजों में अंडरग्रेजुएट प्रोग्राम बी.टेक इत्यादि के लिए प्रवेश ले सकते हैं। एनआईटी, आईआईआईटी और सीएफटीआई में बी.टेक प्रवेश के लिए, अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अनिवार्य रूप से जेईई मैन एग्जाम देना आवश्यक होता है।
देश में जेईई कोचिंग उद्योग
भारत में जेईई कोचिंग उद्योग बहुत बड़ा है। भारत के कुछ शीर्ष जेईई कोचिंग संस्थानों में एलन, एफआईआईटी-जेईई, रेजोनेंस, आकाश इंस्टीट्यूट, विद्यामंदिर, अनएकेडमी, फिजिक्सवाला, आदि शामिल हैं। जेईई मैन प्रवेश परीक्षा के लिए भारत के कुछ शीर्ष कोचिंग संस्थान दिल्ली, कोटा, हैदराबाद और पटना में स्थित हैं।
कितनी मुश्किल है जेईई एडवांस्ड परीक्षा?
एरुडेरा और कॉलेजसर्च के अनुसार, जेईई एडवांस्ड को दुनिया की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक माना जाता है। 2022 में, 1,55,538 उम्मीदवार जेईई (एडवांस्ड) के पेपर में उपस्थित हुए, और कुल 40,712 पास हुए। आईआईटी की पास होने दर लगभग 1 प्रतिशत है। दुनिया की सबसे कठिन परीक्षा के मामले में एरुडेरा ने जेईई को भारत में पहला और दुनिया में दूसरा स्थान दिया है।
जेईई में बढ़ रही छात्राओं की संख्या
जेईई मैन से जेईई एडवांस के लिए क्वालीफाई करने वाली छात्राओं की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। 2014 में, लगभग 3,000 छात्राओं ने जेईई-एडवांस्ड के लिए क्वालीफाई किया, जो उस वर्ष क्वालीफाई करने वाले कुल परीक्षार्थियों की 11 प्रतिशत थी। और 2021 में यही संख्या बढ़कर लगभग 6,400 छात्राओं की हो गई, जो कि उस वर्ष क्वालीफाई करने वाले विद्यार्थियों की 15.4 प्रतिशत थी।












Click it and Unblock the Notifications