BJP MP पर 6 लाख रुपए बिजली का बिल बकाया, इंजीनियर से कहा- तुम पिटने वाला काम कर रहे हो
Farrukabad news, फर्रुखाबाद। भाजपा सांसद मुकेश राजपूत पर बिजली विभाग के अधिकारी ने छह लाख से अधिक बिल बकाया होने का आरोप लगाया है। यही नहीं अधिकारी ने कहा कि सांसद ने उन्हें फोन पर धमकी दी है। अधिशासी अभियंता ने मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की है। डीएम ने मामला एसपी को सौंपते हुए जांच करने के आदेश दिए हैं। वहीं, सांसद का कहना है कि अगर उन्होंने कुछ गलत कहा हो तो प्रशासन उनपर कार्रवाई कर ले।

क्या है पूरा मामला
बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता पंकज अग्रवाल ने डीएम से शिकायत में कहा कि सांसद ने विद्युत विभाग से एनओसी मांगी थी। फर्रुखाबाद से सांसद मुकेश राजपूत ने पिछले सात वर्षों से बिल का भुगतान नहीं किया है। 31 मार्च की शाम 6 बजकर 50 बजे सांसद मुकेश राजपूत ने अपने निजी सचिव अनूप मिश्रा के मोबाइल से फोन कर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए कहा कि तू पिटने का काम कर रहा है, मैं बिल जमा नहीं करूंगा। उन्होंने परिवार के साथ भविष्य में अनहोनी होने पर सांसद को जिम्मेदार ठहराते हुए सुरक्षा की मांग की है।

बिना भुगतान के नहीं दे सकते एनओसी
पंकज अग्रवाल ने बताया कि शहर के ठंडी सड़क स्थित सांसद के आवास का उनकी पत्नी सौभाग्यवती देवी के नाम से घरेलू कनेक्शन है। इस पर वर्ष 2012 से अब तक 55 हजार से अधिक यूनिट का 4 लाख 87 हजार 449 रुपये बिल बकाया है। सरचार्ज माफी योजना में एक लाख 19 हजार 111 रुपये की छूट काटने के बाद भी तीन लाख 68 हजार 337 रुपये जमा करने होंगे। वहीं पर सांसद के पुत्र अमित राजपूत का अमित मोटर्स के नाम से कनेक्शन पर एक लाख 32 हजार 345 रुपये का बिल बकाया है। बिना भुगतान कराए बिना वह एनओसी नहीं दे सकते।

सांसद ने अधिकारी पर लगाए आरोप
सांसद ने पंकज अग्रवाल पर ही आरोप लगाते हुए कहा, ''मैं एक वर्ष से मीटर बदलने के लिए कह रहा हूं, क्योंकि जितनी बिजली खर्च नहीं करता उससे अधिक बिल आ रहा था। अभी तीन दिन पहले मैंने घर पर आकर उसको सही करने को कहा तो उन्होंने कहा कि चुनाव के चलते नहीं आ सकता आफिस आ जाओ। मैं दो घंटे आफिस में बैठा रहा, लेकिन बिजली बिल का संसोधन नहीं किया। 31 तारीख अंतिम दिन था, फिर मैंने कहा तो कहा कि मैं बिजली का बिल कम नहीं कर सकता। मैंने कहा कि क्रॉस मीटर ही लगा दो, उससे पता चल जाएगा कि बिजली की खपत कितनी है, लेकिन उसने साफ मना कर दिया तो मैंने कहा कि मैं बिजली नहीं जमा करूंगा। इसके बाद उसने सख्त लहजे में कहा मत जमा करो। हम पर कोई फर्क नहीं पड़ता है। तो मैने उससे कहा की तुम्हारी इसी प्रकार की बातों से पिटाई होती है, क्योंकि तुम पिटाई खाने वाले काम करते हो।''

प्रशासन कर ले जांच
सांसद ने कहा कि शहर में सभी ट्रांसफार्मर खुले पड़े हैं। केंद्र सरकार से 25 करोड़ रुपया आया, इसने कोई काम नहीं कराया, जिससे वह रुपया वापस चला गया है। जिले में अभी जितने अधिकारी आये हैं उन सभी में सबसे अधिक भृष्ट अधिकारी है। गरीबों के ऊपर फर्जी मुकदमे दर्ज कराकर उनकी आरसी काटता है, उनसे अपने कारिंदों द्वारा धन उगाई कराता है। यह बसपा का कार्यकर्ता बनकर कार्य कर रहा है। बसपा के इशारों पर कार्य कर रहा है। मैंने जो कहा प्रशासन उसकी जांच कर ले, यदि गलत कहा तो मुझ पर कार्रवाई करे। मैं चुनाव खत्म होने के बाद अभी तक जो भी जनता से लेकर मैंने शिकायत दर्ज कराई है उन सभी पर कार्रवाई कराऊंगा।












Click it and Unblock the Notifications