अयोध्या में श्रीराम एयरपोर्ट निर्माण के लिए केंद्र सरकार ने दिए 250 करोड़, सीएम योगी ने पीएम का किया धन्यवाद
लखनऊ। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट का निर्माण अयोध्या में होने जा रहा है। इसके लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने 250 करोड़ रुपए की धनराशि दी है। सरकार की इस पहले के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम नरेंद्र और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी का आभार व्यक्त किया। बता दें, इससे पहले योगी सरकार ने अपने कार्यकाल का अंतिम बजट पेश किया था, जिसमें उन्होंने अयोध्या एयरपोर्ट का नाम मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट करने का फैसला लिया था। वहीं, श्रीराम एयरपोर्ट के लिए 101 करोड़ रुपए का प्रावधान किया।

ट्वीट कर सीएम योगी ने जताया आभार
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट कर आभार जताया है। सीएम योगी ने लिखा, 'भगवान राम की पावन नगरी अयोध्या में निर्माणाधीन मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम एयरपोर्ट के निर्माण हेतु केंद्र सरकार द्वारा प्रदान की गई 250 करोड़ की धनराशि हेतु आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी का हार्दिक आभार एवं मा. केंद्रीय मंत्री श्री @HardeepSPuri जी का धन्यवाद।'
बजट में लिया मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट करने का फैसला
बता दें, सीएम योगी अपने कार्यकाल का अंतिम बजट पेश किया है। जिसमें उन्होंने अयोध्या एयरपोर्ट का नाम बदलकर मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट करने का फैसला किया। साथ ही एयरपोर्ट के लिए 101 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई। यह एयरपोर्ट योगी आदित्यनाथ का ड्रीम प्रोजेक्ट है। ये उत्तर प्रदेश का पांचवां अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा।
600 एकड़ में बनेगा एयरपोर्ट
600 एकड़ में प्रस्तावित मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम एयरपोर्ट में अंतरराष्ट्रीय स्तर की सारी सुविधाएं होंगी। एयरपोर्ट का निर्माण होते ही कमर्शियल ऑपरेशन शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि पिछले साल अगस्त में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण की आधारशिला रखी थी। इसके बाद से धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से अयोध्या का देश-दुनिया में ध्यान बढ़ा है।












Click it and Unblock the Notifications