मतगणना से पहले अयोध्या डीएम आवास बोर्ड का रंग हुआ भगवा से हरा, जिलाधिकारी को देनी पड़ी सफाई
अयोध्या, 2 मार्च। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में पांच चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं। इस बार चुनाव में भाजपा सत्ता में आएगी या सरकार किसी और दल की बनेगी, इसके लिए 10 मार्च का इंतजार करना होगा। भाजपा के बाद सपा ही इस बार सत्ता की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। कमल और साइकिल के इस मुकाबले के बीच अयोध्या के प्रशासनिक हलके में रंग बदलने का एक ऐसा मामला सामने आया है जिसको लेकर सियासी चर्चा तो है ही, साथ ही सोशल मीडिया पर इसको लेकर लोग चुटकी ले रहे हैं। दरअसल, अयोध्या में डीएम आवास के सामने लगे बोर्ड का रंग बदल गया है। पहले यह भगवा रंग में रंगा था लेकिन इसे अचानक हरे रंग में अब रंगा गया है। यह सभी जानते हैं कि भगवा रंग भाजपा के झंडे में है जबकि हरा रंग सपा के झंडे में है। अयोध्या सीट से चुनाव लड़ रहे सपा प्रत्याशी ने कहा कि अधिकारियों को पता पहले लग जाता है कि किसकी सरकार आ रही है। अयोध्या डीएम नीतीश कुमार का कहना है कि बोर्ड के रंग के लिए लोक निर्माण विभाग जिम्मेदार है।

जानिए पूरा मामला
अयोध्या में डीएम आवास फिलहाल अस्थायी तौर पर लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में है। डीएम के स्थायी आवास की मरम्मत चल रही है। लोक निर्माण विभाग के गेस्ट हाउस में डीएम आवास के बाहर जो बोर्ड लगा है वह पहले भगवा रंग का था जिसे आप तस्वीर में देख सकते हैं। लेकिन ऐन चुनाव के लिए हो रहे मतदान के बीच इस बोर्ड का रंग हरा हो गया जिसको लेकर सोशल मीडिया पर लोग तरह-तरह की टिप्पणी कर रहे हैं। हरीश मिश्रा ने ट्विटर पर लिखा कि अयोध्या डीएम ने मान लिया है इस बार योगी नहीं लौटेंगे। मतीउल अंसारी ने ट्वीट किया कि बदलाव हो रहा है। अयोध्या डीएम के भगवा बोर्ड पर सरकारी रंग लगाया जा रहा है। डीएम ने 10 मार्च से पहले ही संकेत दे दिया है कि अखिलेश आ रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी तेज नारायण पांडे ने कहा कि अधिकारी मौसम वैज्ञानिक होते हैं, उनको पहले पता चलता है कि किसकी सरकार आ रही है।

लोक निर्माण विभाग और डीएम ने दी सफाई
डीएम आवास के बोर्ड का रंग बदलने को लेकर जब चर्चाओं का बाजार गर्म होने लगा तो इस बारे में डीएम नीतीश कुमार से पत्रकार सवाल पूछने लगे। डीएम नीतीश कुमार ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग बोर्ड का रंग बदलने के लिए जिम्मेदार है। लोक निर्माण विभाग ने कहा है कि सरकार के डाक बंगले और विभागीय बोर्ड हरे रंग के होते हैं इसी नीति के तहत बोर्ड का रंग हरा किया गया है। हलांकि डीएम नीतीश कुमार ने चुनाव के बीच में बोर्ड का रंग बदलने पर लोक निर्माण विभाग से नाराजगी जताई है और कहा है कि यह ठीक नहीं है।













Click it and Unblock the Notifications