बीजेपी नेता राम के नाम पर वोट मांगते हैं, मां सीता को भूल जाते हैं: बसपा महासचिव सतीश मिश्रा
अयोध्या, 27 दिसंबर। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए बहुजन समाज पार्टी भी कमर कसती नजर आ रही है। बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा ने अयोध्या में आयोजित रैली में भाजपा और सपा दोनों पर निशाना साधा। कहा कि भाजपा नेता राम के नाम पर वोट मांगते हैं लेकिन सीता को भूल जाते हैं। इससे पता चलता है कि भाजपा वाले महिलाओं के प्रति क्या सोच रखते हैं। यूपी चुनाव में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने महिला वोटबैंक को साधने के लिए लड़की हूं, लड़ सकती हूं अभियान चलाया है। इसके बाद महिलाओं के वोट के लिए बाकी पार्टियां भी दांव खेल रही है। इसी क्रम में अब बसपा ने यूपी चुनाव में माता सीता की एंट्री कर दी है।

बसपा महासचिव सतीश मिश्रा ने अयोध्या के मिल्कीपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पार्टी की रैली में कहा कि धर्म में आस्था रखनेवालों को पता है कि राम बिना सीता के पूर्ण नहीं हैं, जैसे कृष्ण बिना राधा के और शिव बिना पार्वती के पूर्ण नहीं हैं। लेकिन भाजपा कभी मां सीता का नाम नहीं लेती है। सिर्फ राम के नाम पर भाजपा वाले वोट मांगते हैं। यह महिलाओं के प्रति भाजपा की सोच को बताता है। सतीश मिश्रा ने भाजपा और सपा पर प्रदेश में दंगा कराने का भी आरोप लगाया। कहा कि भाजपा और सपा पहले से एक हैं। दोनों मिलकर प्रदेश में दंगा कराते हैं।
सतीश मिश्रा ने कहा कि सपा ने भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश में 134 दंगे कराए हैं। कहा कि सपा की सरकार आते ही प्रदेश में गुंडागर्दी, माफियागर्दी, दहशतगर्दी, फिरौती, बलात्कार, दंगे-फसाद सब शुरू हो जाते हैं। सपा की सरकार में 134 दंगे हुए नहीं, कराए गए और इसमें भाजपा ने सपा का साथ दिया। भाजपा और सपा एक ही सिक्के के दो पहलू हैं, पर्यायवाची हैं। बसपा की रैली में सतीश मिश्रा ने तीन उम्मीदवारों के नामों की भी घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर की लंभुआ सीट से उदयराज वर्मा पंकज, अमेठी से रागिनी तिवारी और सुल्तानपुर शहर से डॉक्टर डीएस मिश्रा को बसपा टिकट देगी। कहा कि अयोध्या मंडल की 25 सीटों पर पार्टी जीत हासिल करेगी।












Click it and Unblock the Notifications