Road Accident: अयोध्या के लता मंगेशकर चौक पर हादसा, अनियंत्रित डंपर ने कई वाहनों को रौंदा, एक व्यक्ति की मौत
Road Accident: अयोध्या शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक लता मंगेशकर चौक मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे का गवाह बना। एक तेज रफ्तार डंपर ने नियंत्रण खोते हुए कई वाहनों को जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए।
हादसा इतना भयावह था कि कुछ सेकंडों में पूरा चौक चीख-पुकार और अफरा-तफरी में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों ने फौरन पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कई घायलों को पहले श्री राम अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
तेज रफ्तार डंपर बना हादसे की वजह
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर दुर्गागंज मांझा की ओर जा रहा था, जब लता मंगेशकर चौक के पास चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। डंपर ने नया घाट चौकी के पास लगे कई सुरक्षा बैरियरों को तोड़ते हुए गाड़ियों को रौंद डाला।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई दोपहिया वाहन पलट गए और कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पटरी की दुकानें क्षतिग्रस्त
डंपर की रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि न केवल बैरियर टूटे, बल्कि सड़क किनारे की दुकानें भी चपेट में आ गईं। कई खोखे और ठेले बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
अयोध्या कोतवाली पुलिस, सीओ आशुतोष तिवारी और कोतवाल मनोज शर्मा ने मौके पर पहुंचकर हालात को संभाला। दो जेसीबी मशीनों की मदद से डंपर को हटाया गया और घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।
दो लोगों की हालत बेहद नाजुक
घायल लोगों को तुरंत श्री राम अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन वहां से गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। डॉक्टरों ने बताया कि अधिकतर घायलों को सिर और छाती में गंभीर चोटें आई हैं।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, दो लोगों की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। हादसे की खबर लगते ही आईजी रेंज भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
घायल ने बताया हादसे का मंजर
घटना में घायल हुए राजा बाबू ने बताया, "डंपर की रफ्तार बहुत तेज थी। वो सीधे मेरी गाड़ी से टकरा गया। मैं किसी तरह गाड़ी से कूदकर जान बचा पाया। लेकिन डंपर ने आसपास की कई गाड़ियों को टक्कर मारी और एक व्यक्ति को कुचल दिया।"
राजा बाबू के अनुसार, उनके पैर, सीने और सिर पर चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के समय वहां बहुत भीड़ थी और लोग इधर-उधर भाग रहे थे।
पीलीभीत-खीरी सड़क हादसे में दो की मौत
उधर, लखीमपुर खीरी और पीलीभीत को जोड़ने वाले बस्ती मार्ग पर अलग-अलग दो सड़क हादसों में दो लोगों की जान चली गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहली दुर्घटना खीरी थाना क्षेत्र के अशोगापुर के पास हुई, जहां भदफर निवासी अनिल मिश्रा की मौत हो गई। दूसरी घटना चहमलपुर के पास हुई, जिसमें बलराम की जान चली गई।












Click it and Unblock the Notifications