अयोध्या: ओवरटेक करने के चक्कर में नेशनल हाईवे पर पलटी बस, तीन यात्रियों की मौत 20 घायल
अयोध्या, 05 अप्रैल: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में मंगलवार की सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां ओवरटेक करते समय एक प्राइवेट बस नेशनल हाईवे 27 पर अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार 20 यात्री घायल हो गए। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्मट के लिए भेज दिया।

हादसे का शिकार हुई प्राइवेट बस राजस्थान के नंबर वाली थी और दिल्ली से सिद्धार्थ नगर जा रही थी। मंगलवार सुबह प्राइवेट बस जैसे ही अयोध्या की कैंट कोतवाली क्षेत्र के मुमताज नगर के पास नेशनल हाईवे 27 पर पहुंची और ओवरटेक करते समय अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर पलट गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल थाना कैंट पुलिस को सूचना दी और घायलों की मदद की। हाईवे के पास रहने वाले युवक जगदीश प्रसाद चौरसिया ने बताया कि हादसे के बाद कई शीशा तोड़कर अंदर घुसे तो अंदर का दृश्य देखकर दंग रह गए।
इस हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि बस में सवार करीब 20 यात्री जख्मी हो गए हैं। इनमें से 10 की हालत गंभीर हैं। घायल यात्रियों को अयोध्या के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर यात्रियों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा रहा है। बस में करीब 35 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद जिलाधिकारी नीतीश कुमार ने बयान जारी कर कहा है कि घायलों की हरसंभव मदद करने की कोशिश की जा रही है।
वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये आर्थिक सहायता का एलान किया है।












Click it and Unblock the Notifications