UP News: पुलिस को चकमा देकर उठा ले गए 'लाश', असली परिवार पहुंचा पुलिस के पास तो उड़ गए होश
UP News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसे सुनकर हर कोई हैरान है। इटावा में आम लोगों नहीं बल्कि पुलिस को चकमा देकर तीन लोग एक मृत युवक का शव उठा ले गए।
इस मामले में मृतक का असली परिवार जब थाने पहुंचा और छानबीन की गई तो पता चला कि शव ले जाने वाले मृतक के परिवार वाले नहीं बल्कि अज्ञात शख्स थे। उनके द्वारा जो एड्रेस बताया गया था उसकी तस्दीक की गई तो वह एड्रेस भी गलत निकला।

मामले में तीनों अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। वहीं लोगों में चर्चा है कि आखिर कोई दूसरा व्यक्ति किसी की लाश को ले जाकर क्या करेगा। वहीं कुछ लोगों का तर्क है कि वे किसी आपराधिक घटना को अंजाम दिए होंगे इसलिए ऐसा किए।
दरअसल, यह पूरा मामला इटावा जनपद के फ्रेंड्स कालोनी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि कुछ दिन पूर्व फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था।
संभावना जताई गई कि उसकी मौत ट्रेन से गिरकर कटने के चलते हुई है। काफी प्रयास के बाद भी मृतक की पहचान नहीं हुई। उसके बाद पुलिस द्वारा उसकी फोटाे सोशल मीडिया में वायरल की गई और मीडिया की माध्यम से भी प्रसारित की गई।
इसी दौरान खुद को सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आवास विकास कॉलोनी निवासी और अपना नाम दीनदयाल बताने वाला शख्स दो अन्य लोगों के साथ पुलिस के पास पहुंचा। उसने दावा किया कि मृतक का नाम अतुल कुमार है और वह उसका बेटा है। उसने आधार कार्ड आदि भी दिखाया।
उसके बाद आवश्यक लिखा पढ़ी करने के बाद पुलिस ने उसे मृतक का शव सौंप दिया। शव लेकर तीनों चले गए। इसी बीच फोटाे सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद औरैया के अजीतमल थाने के तेज का पूरवा निवासी सत्यवीर ने उसकी पहचान अपने भाई के रुप में की।
वह भी पुलिस के पास अपने परिजनों को लेकर पहुंचा और शव के बारे में जानकारी ली तो पता चला कि शव को पहले ही कोई और उठा ले गया है। इस मामले की शिकायत एसएसपी संजय वर्मा के पास पहुंची तो उन्होंने मामले की जांच एसपी सिटी अभय प्रताप त्रिपाठी को सौंपी।
बताया जा रहा है कि मामले में मृतक का शव लेकर जाने वाले दीनदयाल नामक शख्स के एड्रेस की तस्दीक की गई तो वहां उस नाम को कोई व्यक्ति नहीं पाया गया। वहीं सत्यवीर द्वारा जो जानकारी दी गई उसे पता चला कि मृतक उसी का भाई है।
इस मामले में पुलिस द्वारा तथा कथित तीन लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और जालसाजी का मुकदमा दर्ज किया गया है। मुकदमा दर्ज करने के बाद सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की गई और आरोपियों की तलाश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications