Etah पुलिस और लिफाफा गैंग के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, सवारियों से करते थे लूटपाट
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ समय से एक खतरनाक गैंग सक्रिय है, इस गैंग को लिफाफा गैंग के नाम से जाना जाता है। इस गैंग के सदस्य लोगों को चुटकी में अपना शिकार बना लेते हैं। ये लोग यात्रियों को लिफ्ट देकर खुद को पुलिसकर्मी बता जांच के नाम पर लोगों से लूटपाट करते थे। वहीं बीती रात एटा कोतवाली देहात के जावडा नहर पुल के पास इसी लिफाफा गैंग के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। दो तरफा फायरिंग में दिल्ली और अलीगढ़ के दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक भागने में सफल रहा।

पुलिस और लिफाफा गैंग में मुठभेड़
दरअसल, बुधवार रात 10:30 बजे जावड़ा नहर पुल से झाल गोपालपुर जाने वाली नहर पटरी पर पुलिस चैकिग कर रही थी, तभी होंडा सिटी कार दिखाई दी। पुलिस के मुताबिक कार को जब रोका गया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया और भागने लगे। सूचना मिलते ही आसपास के थानों का फोर्स भी पहुंच गया और पुलिस ने बदमाशों का पीछा किया। पटरी पर ही बदमाशों को घेर लिया। बदमाशों ने खुद को घिरा हुआ देख फिरसे फायरिंग शुरू कर दी। जिसके बाद दो तरफा फायरिंग में दिल्ली और अलीगढ़ के दो बदमाश घायल हो गए, जबकि एक भागने में सफल रहा। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक होंडा सिटी कार भी बरामद की है। बता दें कि तीनो बदमाशों ने हाल ही में एटा में लूट की वारदातों को अंजाम दिया था। मुठभेड़ में पुलिस का एक सिपाही भी घायल हुआ है। बदमाशों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

सवारियों को मिलते थे ईंट-पत्थर
असल में पिछले कुछ दिनों से प्रदेश के अलग-अलग ज़िलों में यात्रियों को लिफ्ट देकर लूटपाट के मामले सामने आ रहे थे। सभी वारदात का तरीका एक जैसा था। पीड़ितों ने बताया था कि आरोपी पुलिसकर्मी बन कर या फिर पुलिस जांच का डर दिखाकर लोगों से लूटपाट करते हैं। आरोपियों की गाड़ी में पुलिसकर्मियों की तरह वॉकी-टॉकी लगा रहता है और वे पुलिस के लोगो वाला मास्क भी पहनते हैं। इस गैंग के सदस्य सवारियों का जेवर और कैश लेकर लिफाफे में रखवाते थे। इसके बाद गैंग के सदस्य लिफाफा बदल देते थे और सवारियों को ईंट-पत्थर मिलते थे।

गाड़ी में रखते थे वॉकी-टॉकी
पूर्व में पकडे गए इस गैंग के आरोपियों ने बताया था कि वे खुद को पुलिसकर्मी दिखाने के लिए गाड़ी में वॉकी-टॉकी रखते थे और उन पर कंट्रोल रूम से सूचना मिलने जैसी जानकारी के रिकार्डिंग ऑडियो चलाते थे। इससे गाड़ी में लिफ्ट लेने वाले लोगों को भरोसा हो जाता था कि वे पुलिसकर्मी हैं। ज्यादातर को जांच के बहाने ठगते थे, वहीं कई लोगों को आरोपी सुनसान जगहों पर ले जाकर लूट लेते थे और उन्हें फेंककर फरार हो जाते थे।

एक बदमाश हुआ फरार
इस मुठभेड़ में साहुल उम्र 27 वर्ष जो की अलीगढ़ का रहने वाला है, उसके दाहिने पैर पर गोली लगी है और शिवकुमार उम्र 31वर्ष जो की मयूर विहार, दिल्ली का रहने वाला है, उसे अवैध असलहा कारतूस, एवं कार सहित मौके से पुलिस अभिरक्षा में ले लिया गया है। लेकिन एक बदमाश मौके से भाग गयाहै जिसकी तलाश जारी है। बदमाशों द्वारा की गई फायरिंग से बचने की प्रतिक्रिया में जमीन पर गिर जाने से आरक्षी पुष्पेंद्र भी मामूली रूप से घायल हो गए हैं। घटनाक्रम में घायल हुए आरक्षी एवं दोनों बदमाशों को चिकित्सा हेतु जिला चिकित्सालय भिजवा कर फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु सार्थक प्रयास सहित थाना स्तर से आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications