एटा: कोरोना पॉजिटिव 15 वर्षीय किशोरी की मौत, अलीगढ़ में चल रहा था इलाज
एटा। उत्तर प्रदेश में कोरोना वायरस के संक्रमण का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या के साथ-साथ मौत के आंकड़ों में बढ़ोतरी होती जा रही है। शुक्रवार को एटा जिले में भी कोरोना संक्रमित एक मरीज ने दम तोड़ दिया। जिले में यह पहली मौत है। जानकारी के मुताबिक, 15 वर्षीय किशोरी 23 अप्रैल को टीवी का इलाज कराने के लिए अलीगढ़ मेडीकल कॉलेज गई थी। किशोरी की कोरोना जांच कराई गई तो वह पॉजिटिव मिली।

इलाज के दौरान हुई किशोरी की मौत
अलीगढ़ में कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद किशोरी को वहीं क्वारंटाइन किया गया था। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। किशोरी एटा के कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव बाहनपुर की रहने वाली थी। बता दें, जनपद में अब तक कोरोना वायरस के पॉजिटिव मरीजों की संख्या 9 पहुंच चुकी है। जिले में जलेसर ब्लॉक का गनेशपुर गांव, निधौली ब्लॉक का ओंरनी गांव, शीतलपुर ब्लॉक का वाहनपुर गांव और अलीगंज ब्लॉक का नावर गांव को हॉटस्पॉट घोषित किया गया है।
एटा में चार नए मामले आए सामने
बता दें, आगरा के पड़ोसी जिले एटा में कोरोना पॉजिटिव के चार मामले एक साथ सामने आए हैं। इनमें से तीन बच्चे हैं और एक वयस्क युवक है। ये सभी एटा के गनेशपुर इलाके से हैं और सभी एक ही परिवार के सदस्य हैं। सीएमओ एटा ने कहा कि इन सभी की हिस्ट्री पारस हॉस्पिटल आगरा की है। इनके परिवार का एक सदस्य पारस हॉस्पिटल आगरा में काम करता था। इन चारों की पहली कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई थी लेकिन दूसरी जांच रिपोर्ट में ये पॉजिटिव पाए गए। उन्होंने बताया कि गनेशपुर पहले से ही हॉटस्पॉट घोषित है। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 9 तक पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications