Year Ender 2024: मोटे बजट से बनी यें 5 फिल्में, कहानी में था दम, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर हुआ बुरा हाल
Year Ender 2024 Worst bollywood Films: साल 2024 बॉलीवुड के लिए कुछ अच्छा और कुछ बुरा रहा है। जहां कुछ फिल्मों ने दर्शकों का दिल खुश कर दिया, वहीं कुछ फिल्में लोगों के दिलों दिमाग पर कोई असर नहीं कर पाई हैं।
फिल्मों ने बनाए ऐसे रिकॉर्ड
'स्त्री 2' और 'पुष्पा 2' जैसी फिल्मों को जहां कई रिकॉर्ड बनाते देखा गया, वहीं इस साल कई फिल्में बुरी तरह से फ्लॉप हुई हैं। हालांकि इन फ्लॉप फिल्मों के बारे में सबसे निराशाजनक बात ये थी कि उनमें से ज्यादातर मूवीज की कहानी बहुत ही शानदार था।

बॉक्स ऑफिस पर फेल हुईं ये फिल्में
भारतीय दर्शकों ने ऐसी कहानियों को मिस कर दिया, जिन्हें न केवल बताया जाना चाहिए था, बल्कि तारीफ के हकदार भी थे। ये फिल्में अच्छे खासे बजट से बनी थी लेकिन बॉक्स ऑफिस पर कोई कमाल नहीं दिखा पाईं। आइए आपको बताते हैं बॉलीवुड की 5 ऐसी फिल्मों के बारे में जो अच्छी कहानी होने के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं।
खेल खेल में
15 अगस्त 2024 के अवसर पर अक्षय कुमार की फिल्म 'खेल खेल में' सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। ये फिल्म 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी लेकिन बॉक्स ऑफिस पर ये मूवी केवल 48 करोड़ रुपये ही कमा पाई। हालांकि 'खेल खेल' में इससे कहीं ज्यादा की हकदार थी। इसकी कहानी अच्छी थी। साथ ही सभी स्टार्स ने काफी अच्छी एक्टिंग की थी।
चंदू चैंपियन
बॉलीवुड एक्टर कार्तिक आर्यन ने फिल्म 'चंदू चैंपियन' में मख्य भूमिका निभाई थी। ये फिल्म 14 जून 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। भारतीय पैरालिंपियन स्वर्ण पदक विजेता मुरलीकांत पेटकर की प्रेरणादायक यात्रा पर आधारित ये फिल्म 140 करोड़ रुपये के बजट में बनी थी। हालांकि, ये केवल 89 करोड़ रुपये ही कमा पाई। इस फिल्म को बॉक्स ऑफिस पर काफी नजरअंदाज किया गया।
सरफिरा
साउथ के फेमस एक्टर सूर्या की राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता फिल्म 'सोरारई पोटरु' की हिंदी रीमेक सरफिरा बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही। फिल्म 'सरफिरा' में लीड एक्टर के तौर पर अक्षय कुमार नजर आए थे। ये फिल्म 12 जुलाई 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 100 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने केवल 30 करोड़ रुपये ही कमाए थे।
मैदान
अजय देवगन की फिल्म 'मैदान' गत 11 अप्रैल 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म तीन भाषाओं में रिलीज हुई लेकिन दर्शकों को आकर्षित करने में असफल साबित हुई। 250 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म दुनियाभर में सिर्फ 68 करोड़ रुपये ही कमा पाई। ये फिल्म कोच सैयद अब्दुल रहीम की असल जिंदगी की कहानी पर आधारित है।
जिगरा
बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और एक्टर वेदांग रैना की फिल्म 'जिगरा' गत 10 अक्टूबर 2024 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। 80 करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म दुनिया भर में सिर्फ 50 करोड़ रुपये ही कमा पाई थी। बेहतरीन निर्देशन वाली फिल्म होने के बावजूद 'जिगरा' को सिनेमाघरों में पहचान नहीं मिली।












Click it and Unblock the Notifications