बिजली कटौती बनी आर्यन की रिहाई में देरी की वजह, बेल मिलने के बाद भी जेल में बितानी पड़ी दो रातें
मुंबई, 30 अक्टूबर। बॉलीवुड के 'किंग खान' यानी शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान करीब एक महीने जेल में बिताने के बाद अब घर पहुंच गए हैं। आर्यन को क्रूज ड्रग्स मामले में गुरुवार को बॉम्बे हाई कोर्ट से जमानत मिली, लेकिन दो दिन बाद शनिवार को वह जेल से रिहा हुए। बेल मिलने के बाद आर्यन की रिहाई में दो दिन की देरी की वजह अलग-अलग बताई जा रही है। इस बीच आर्यन के साथ ही गिरफ्तार हुए उनके दोस्त अरबाज मर्चेंट भी अपने घर पहुंच चुके हैं।

अरबाज मर्चेंट के पिता का खुलासा
इस बीच अरबाज मर्चेंट के पिता ने असलम मर्चेंट ने खुलासा किया कि बेल मिलने के बाद भी क्यों आर्यन खान को दो दिन जेल में बिताने पड़े। गौरतलब है कि बॉम्बे हाई कोर्ट ने गुरुवार शाम आर्यन को जमानत दे दी थी, जिसके बाद उनकी लीगल टीम को उम्मीद थी कि आर्यन शुक्रवार को मुंबई की आथर रोड जेल से बाहर आ जाएंगे। हालांकि ऐसा हुआ नहीं, आखिरकार शनिवार को आर्यन खान मन्नत लौट आए।

इस वजह से हुई रिहाई में देरी
ताजा इंटरव्यू में असलम मर्चेंट ने खुलासा करते हुए कहा, सेशन कोर्ट में कागजी कार्रवाई में देरी हुई और जब रिलीज मेमो टाइप किया जा रहा था, तो पूरे कोर्ट की बिजली लगभग 25 से 35 मिनट के लिए चली गई थी। देरी के कारण आर्यन की रिहाई का आदेश शाम 5.30 बजे तक जमा नहीं किया जा सका और उन्हें एक और रात जेल में बितानी पड़ी। मालूम हो कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) आर्यन को 3 अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।

आर्यन के पास से नहीं मिला था ड्रग्स
गोवा जाने वाले एक क्रूज जहाज से कथित तौर पर ड्रग्स जब्त किए जाने के मामले में आर्यन खान को 8 अक्टूबर को आर्थर रोड जेल भेज दिया गया था। हालांकि उनके पास कोई भी ड्रग्स बरामद नहीं किया गया। उन पर अपने व्हाट्सएप चैट के आधार पर एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग कार्टेल से संबंध रखने का आरोप लगाया गया था। बेल के लिए एक्ट्रेस जूही चावला उनकी गारंटर बनीं और एक लाख रुपए के जमानत बांड पर हस्ताक्षर किया।

जूही चावला ने क्या कहा?
आर्यन की जमानत पर जूही ने कहा था, 'मैं बस खुश हूं कि यह सब खत्म हो गया है और आर्यन खान बहुत जल्द घर आएंगे। मुझे लगता है कि यह सभी के लिए एक बड़ी राहत है। हमारा बच्चा अब घर आएगा।' कई बॉलीवुड हस्तियों ने आर्यन को जमानत देने के अदालत के फैसले की सराहना की। आर माधवन सबसे पहले प्रतिक्रिया देने वालों में से थे और उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'भगवान का शुक्र है। एक पिता के रूप में मुझे बहुत राहत मिली है...।'
यह भी पढ़ें: 'बड़ी मछलियों के बजाय NCB,बॉलीवुड को टारगेट कर रही', आर्यन खान केस पर बोले सुशांत के परिवार के वकील












Click it and Unblock the Notifications