'बड़ी मछलियों के बजाय NCB,बॉलीवुड को टारगेट कर रही', आर्यन खान केस पर बोले सुशांत के परिवार के वकील
'बड़ी मछलियों के बजाय NCB,बॉलीवुड को टारगेट कर रही', आर्यन खान केस पर बोले सुशांत के परिवार के वकील
मुंबई, 31 अक्टूबर: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) और इसकी जांच को लेकर दिवगंत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के परिवार के वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने तीखी आलोचना की है। शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को ड्रग्स केस में गिरफ्तारी को लेकर वकील विकास सिंह ने कहा है कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो बड़ी मछलियों को पकड़ने के बजाए बॉलीवुड को टारगेट कर रही है। वकील विकास सिंह ने एनडीटीवी को दिए इंटरव्यू में कहा कि एनसीबी मीडिया में आने के लिए बहुत उत्साहित है और मूल रूप से एनसीबी बॉलीवुड से जुड़े लोगों को इसलिए टारेगट कर रही है, ताकी सभी मामलों को सुर्खियों में लाया जा सके। विकास सिंह की ये टिप्पणी शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की इस महीने की शुरुआत में ड्रग्स-ऑन-क्रूज मामले में गिरफ्तारी और उसके बाद की जमानत के बाद आई है।

बॉलीवुड के प्रति एनसीबी का रवैया ठीक नहीं है: विकास सिंह
वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा, ''एनसीबी द्वारा सिर्फ बॉलीवुड को चुनना और बॉलीवुड को एक बुरा नाम देना उचित नहीं है। बॉलीवुड के प्रति एनसीबी का रवैया बिल्कुल ठीक नहीं है। एनसीबी का ये दिखाना कि बॉलीवुड नशे की लत से भरा हुआ है। यह एनसीबी का सही रवैया नहीं है। बड़ी मछलिओं के बजाय वे सिर्फ लोगों का ध्यान भटका रहे हैं।''

'दिल्ली में बहुत बड़े लोग हैं, वहां NCB की छापेमारी क्यों नहीं होती है'
अधिवक्ता विकास सिंह ने आर्यन खान केस का जिक्र करते हुए कहा, "एनसीबी छोटे उपभोक्ताओं को हमेशा निशाना बनाते हैं। वहीं दिल्ली में, हमारे बच्चे हमें बताते हैं कि पार्टियों में बच्चों द्वारा ड्रग्स का सेवन किया जा रहा है। अगर यह एनसीबी का मानक है, तो उन्हें दिल्ली में भी पार्टियों पर छापा मारना शुरू कर देना चाहिए, जहां शक्तिशाली लोग हैं।''

'NCB मीडिया में आने के लिए एक्साइटेड है...'
अधिवक्ता विकास सिंह ने कहा, ''एनसीबी के एक्शन को देखते हुए ऐसा लगता है कि वह मीडिया में आने के लिए बहुत ज्यादा एक्साइटेड है। अगर आप मुंबई में एनसीबी की कार्रवाई देखेंगे तो मूल रूप से इन सभी मामलों को सुर्खियों में लाने के लिए उठाया जा रहा है।''
23 वर्षीय आर्यन खान को 2 अक्टूबर को मुंबई में एक क्रूज जहाज पर छापेमारी के दौरान कथित तौर पर एनसीबी को उसके फोन पर मिले व्हाट्सएप चैट के आधार पर गिरप्तार किया गया था। आर्यन को 8 अक्टूबर को मुंबई की आर्थर रोड जेल भेजा गया था और वह 30 अक्टूबर को जमानत पर रिहा हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications