RB Choudary : कौन थे निर्माता आर बी चौधरी, जिनकी सड़क हादसे में हुई मौत? गाड़ी के उड़े परखच्चे, सदमे में फैंस
RB Choudary: सिने जगत से आई एक मनहूस खबर ने लोगों को सदमे में पहुंचा दिया है, मंगलवार शाम को दिग्गज निर्माता आरबी चौधरी की उदयपुर के पास एक सड़क दुर्घटना में निधन हो गया, जिसकी वजह से पूरी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक साउथ इंडस्ट्री के मशहूर प्रोड्यूसर में से एक आरबी दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे, एक्सीडेंट इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए, हादसे के बाद आरबी को अस्पताल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, हालांकि ये एक्सीडेंट कैसे हुआ, इसके बारे में अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है।

प्रोड्यूसर का अंतिम संस्कार आज चेन्नई में होगा, इस दुखद खबर से पूरे दक्षिण भारतीय फ़िल्म जगत को गहरा सदमा लगा है। आरबी मशहूर तमिल अभिनेता जीवा के पिता थे, उन्होंने अपने जीवन में तेलुगु, तमिल और मलयालम भाषाओं को मिलाकर 100 से भी ज्यादा फिल्मों का निर्माण किया था।
आरबी का पूरा नाम रतनलाल भगतरम चौधरी था
उनका पूरा नाम रतनलाल भगतरम चौधरी था, जिन्होंने 1988 में 'सुपर प्रोडक्शन' बैनर की स्थापना की थी, शुरुआत में उन्होंने मलयालम भाषा में कुछ फ़िल्मों का निर्माण किया। बाद में, उन्होंने 'कॉलीवुड' (तमिल फ़िल्म जगत) में कदम रखा और आर. मोहन के साथ मिलकर 'सुपर गुड फ़िल्म्स' बैनर की शुरुआत की। उन्होंने तमिल व तेलुगु में कई सफल फिल्में बनाईं। उन्होंने कई कलाकारों व तकनीशियनों के करियर को आकार देने में अहम भूमिका भी निभाई थी।
आरबी चौधरी ने कई मशहूर फिल्मों का निर्माण किया
आरबी चौधरी की आखिरी फिल्म का नाम 'मरीसन' था, जो जुलाई 2025 में आई थी इस फिल्म में लीड रोल 'पुष्पा' फेम फहाद फासिल ने निभाया था। 'लव टुडे', 'जॉली', 'मिस्टर रोमियो', 'एसीपी शिवा' आरबी चौधरी की लोकप्रिय फिल्मों में से एक हैं।
4 बेटों के पिता थे आर बी चौधरी, राजस्थान से था गहरा नाता
चेन्नई में जन्मे आर बी चौधरी एक राजस्थानी परिवार से थे। फिल्म निर्माण के क्षेत्र में आने से पहले उन्होंने स्टील, निर्यात और आभूषण उद्योगों में काम किया था। चौधरी की पत्नी का नाम महजबीन है,उनके चार बेटे हैं- सुरेश उनके होम प्रोडक्शन 'सुपर गुड फिल्म्स' में फिल्में बनाते हैं, दूसरा पुत्र जीवन व्यवसायी हैं जो एक स्टील कंपनी चलाते हैं, तीसरा बेटा जिथन रमेश एक अभिनेता- निर्माता हैं और सबसे छोटे बेटे जीवा भी एक्टर हैं।
रजनीकांत ने बताया बेहतरीन प्रोड्यूसर
रजनीकांत ने एक भावुक श्रद्धांजलि देते हुए आरबी चौधरी को "बेहतरीन प्रोड्यूसर" और "बहुत अच्छा इंसान" बताया। उन्होंने कहा कि चौधरी ने कई युवा फिल्ममेकर्स को मौके दिए और फिल्म इंडस्ट्री को सक्रिय और आगे बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया।
पवन कल्याण ने उनके योगदान को याद किया
पवन कल्याण ने इस खबर पर दुख जताते हुए आरबी चौधरी के साथ अपने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने कहा कि प्रोड्यूसर की मौत पर यकीन करना मुश्किल है, उन्होंने उनके साथ 'सुस्वागतम' फ़िल्म में काम करने को याद किया, जो एक बड़ी हिट साबित हुई थी। उन्होंने आरबी चौधरी के बारे में कहा कि 'वो दर्शकों की नब्ज पहचानते थे और यही वजह थी उन्होंने इंडस्ट्री को बहुत सारी शानदार फिल्में दी।'












Click it and Unblock the Notifications