कौन है हैरी बॉक्सर जिसने उड़ा दी कपिल शर्मा की नींद? सलमान खान को भी दी धमकी, जानें उसकी पूरी कुंडली
Kapil Sharma and Harry Boxer: कनाडा के सरे सिटी में मशहूर कॉमेडियन कपिल शर्मा के कप्स कैफे को एक बार फिर गोलियों का निशाना बनाया गया है। खास बात यह है कि एक महीने के अंदर ये दूसरी घटना है, जिससे साफ है कि हमलावर कपिल शर्मा को डराने की कोशिश कर रहे हैं।
कनाडा में कपिल शर्मा के कैफे पर हमला
इस फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। गिरोह से जुड़े गोल्डी ढिल्लों, अंकित बंधु शेरेवाला, जितेंद्र गोगी मान ग्रुप, काला राणा, आरजू बिश्नोई, हैरी बॉक्सर, शुभम लोंकर और साहिल दुहन पेटवाड़ ने इस हमले को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

हैरी बॉक्सर ने जारी किया ऑडियो
इतना ही नहीं बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर ने एक ऑडियो जारी कर सीधी धमकी भी दी है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे ऑडियो में कहा जा रहा है कि यदि कोई भी एक्टर या फिल्ममेकर सलमान खान के साथ काम करेगा, तो उसे जान से हाथ धोना पड़ेगा। हालांकि वनइंडिया हिंदी इस ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन ये ऑडियो पुलिस को सौंपा जा चुका है और इसकी जांच चल रही है।
सलमान खान को हैरी बॉक्सर की धमकी
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ये ऑडियो क्लिप कथित रूप से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गैंगस्टर हैरी बॉक्सर की है। इसमें वह साफ-साफ कहता है कि सलमान खान से जुड़ने वाले किसी भी डायरेक्टर, प्रोड्यूसर या एक्टर को अब धमकी नहीं दी जाएगी बल्कि सीधे गोली मार दी जाएगी।
-ऑडियो में कहा गया है- हम मुंबई का माहौल इतना खराब कर देंगे कि किसी ने सोचा भी नहीं होगा। चाहे कोई छोटा-मोटा कलाकार हो या नया डायरेक्टर, अगर उसने सलमान खान के साथ किसी भी तरह से सहयोग किया, तो उसकी जान चली जाएगी। अब की बार बस एक आखिरी चेतावनी है, अगली बार सीधा निशाना लिया जाएगा।
कौन है हैरी बॉक्सर?
-मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद है और वह राजस्थान के अलवर जिले के बांसूर थाना क्षेत्र के चितरपुरा गांव का निवासी है। उसके पिता का नाम गिरधारी जाट है।
-क्राइम रिकॉर्ड की बात करें तो साल 2014 में हैरी बॉक्स के खिलाफ पहला मामला दर्ज हुआ था, जिसकी एफआईआर संख्या 136/2014 है। य केस राजस्थान के करौली जिले के महावीरजी थाने में दर्ज हुआ था। इसके बाद साल 2021 में जयपुर शहर (पूर्व) के जवाहर सर्किल थाने में भी उस पर मामला दर्ज किया गया, जिसकी एफआईआर संख्या 409/2021 है।
अल्वर से अमेरिका तक का सफर
हरिचंद उर्फ हैरी बॉक्सर के राजस्थान के अल्वर से अमेरिका पहुंचने की कहानी भी बड़ी दिलचस्प और चौंकाने वाली है। जानकारी के अनुसार साल 2024 में उसने डंकी रूट के जरिए अवैध रूप से अमेरिका में एंट्री ली थी। मौजूदा समय में वह अमेरिका से सक्रिय है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के साथ काम कर रहा है।
अनमोल बिश्नोई का भरोसेमंद साथी है हैरी
-आपको बता दें कि हैरी बॉक्सर गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई का बेहद करीबी माना जाता है। दोनों के बीच लगातार बातचीत होती रहती है और वह एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं। सूत्रों के मुताबिक गोल्डी बराड़ से लॉरेंस बिश्नोई की दूरी बढ़ने के बाद गैंग ने अमेरिका में अपने नेटवर्क को मजबूत करने के लिए हैरीबॉक्सर को वहां खड़ा किया है।
-हैरी बॉक्सर फिलहाल भारत में वसूली और धमकी से जुड़े कॉल्स करने के लिए जाना जाता है यानी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का अमेरिका स्थित उगाही का पूरा ऑपरेशन उसी के हाथों में है।












Click it and Unblock the Notifications